
अजमेर। 26 दिन पहले वैवाहिक बंधन में बंधे एक युवक ने अपनी पत्नी की बुधवार को धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद पत्नी के शव को बोरी में बांध स्कूटर पर रख पुष्कर रोड पर पटक आया। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी को बस स्टैण्ड क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर देर शाम शव बरामद कर लिया। मारे जाने से पहले विवाहिता पति के सामने गिड़गिड़ा कर जान की भीख मांगती रही लेकिन उसका दिल नहीं पसीजा और चाकू से उसने पत्नी का गला काट दिया।
क्रिश्चियनगंज थाना पुलिस के अनुसार घटना चौरसियावास रोड द्वारका नगर, गली नम्बर 4 की है। यहां रहने वाले मुकेश केसवानी के पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना देकर उसकी पत्नी जेनिफर उर्फ पाटू की हत्या किए जाने की आशंका जताई। पड़ोसियों के अनुसार मुकेश हत्या कर जेनिफर का शव ठिकाने लगाने के लिए बोरी में बांधकर स्कूटर पर रखकर निकल गया।
वह शव ठिकाने लगाकर आया लेकिन घर के बाहर पुलिस का वाहन खड़ा देखकर भाग निकला। पीछा कर केन्द्रीय बस स्टैण्ड क्षेत्र से उसे दबोचा। पुलिस गिरफ्त में आए मुकेश ने पत्नी जेनिफर की गला घोंटने के बाद चाकू से गला काटकर हत्या की वारदात अंजाम देना कबूल किया। देर शाम जेनिफर का शव पुष्कर रोड से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मृतका के भाई रॉनी दास की रिपोर्ट पर मुकेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
Updated on:
23 Nov 2022 08:48 pm
Published on:
23 Nov 2022 08:47 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
