तुमको हमारी उम्र लग जाए

पति की दीर्घायु की कामना से जुड़े सुहागिनों के पर्व करवा चौथ की शुक्रवार को शहर में धूम रही।

2 min read
Oct 31, 2015

पति की दीर्घायु की कामना से जुड़े सुहागिनों के पर्व करवा चौथ की शुक्रवार को शहर में धूम रही। इस अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। जंक्शन में चावला नर्सिंग होम के सामने स्थित पार्क में सामूहिक रूप से करवा चौथ पर्व मनाया गया। इसमें महिलाओं ने करवा चौथ की कथा सुनकर पति के लंबी उम्र की कामना की। सुहागिनों में इस पर्व पर सजने संवरने की होड़ रही। नव विवाहिताएं ब्यूटी पार्लरों में सजने-संवरने के लिए पहुंची। बाजार में गिफ्ट की दुकानों पर भीड़ रही। रात को चंद्र दर्शन के बाद पूजा-अर्चना कर महिलाओं ने व्रत तोड़ा। शाम होते ही महिलाओं की नजर आसमान पर टिक गई। जैसे ही चांद नजर आया, महिलाओं ने पूजा अर्चना शुरू कर दी।
टाउन में फूडग्रेन मर्चेट्स एसोसिएशन हॉल में चेतना महिला मंच की ओर से आयोजित करवा चौथ महोत्सव में कई कार्यक्रम हुए। इसमें महिलाओं ने उत्साह से पूजा की थाली सजाई। इस मौके पर महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। इसी तरह टाउन के रॉयल पैराडाइज में भटनेर संस्कृति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में खेल, नृत्य व सोलह श्रृंगार सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें सभी महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सारिका, सपना, निशा, पूजा व माया ने किया। करवा चौथ पर जंक्शन के श्रीराज लक्ष्मी प्रतिष्ठान पर महिलाओं व छात्राओं के लिए मेहंदी लगाने की नि:शुल्क व्यवस्था की गई। इसमें शहर की महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया। आकर्षक डिजाइनों में महिलाओं ने साजन के नाम की मेहंदी रचाई।
संगरिया. स्थानीय केआर कॉन्वेेंट स्कूल में करवा चौथ के अवसर पर कई कार्यक्रम हुए। निदेशक चित्रा बिश्नोई ने प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को त्योहार के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर मेहंदी, श्रृंगार व महिलाओं के खेल आयोजित किए गए। छात्र वर्ग में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रोटरी क्लब के महिला संगठन ईनर व्हील की ओर से करवा चौथ पर मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अध्यक्ष रेणू जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में सुमन प्रथम, प्रभसिमरन कौर द्वितीय व इशिका भाटी तृतीय स्थान पर रही। इस अवसर पर सचिव रीता अरोड़ा, समन्वयक संतोष अग्रवाल, डॉ.आभा बंसल, नीलम सिडाना, कंचन अंगी, नेहा सेठी, प्रेम बंसल आदि ने प्रतिभागियों की मेहंदी जांचकर परिणाम की घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन पूजा बजाज व नितिका जिंदल द्वारा किया गया।(नसं.)

Published on:
31 Oct 2015 07:50 pm
Also Read
View All

अगली खबर