
IIT Baba Abhay Singh: प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुए आईआईटी बाबा अभय सिंह को जयपुर पुलिस ने हिरासत में लिया है। शिप्रापथ थाना पुलिस ने एक होटल से बाबा को हिरासत में लिया, बाद में जमानत मुचलके पर छोड़ भी दिया गया। बाबा के पास गांजा भी बरामद किया गया है। बाबा पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि रिद्धि सिद्धि पार्क क्लासिक होटल में अभय सिंह नाम का युवक सुसाइड का प्रयास कर रहा है। जिसके चलते पुलिस होटल पहुंची, यहां आईआईटी बाबा अभय सिंह मिला। सिंह ने पुलिस को बताया कि वह गांजे के नशे में था। इस दौरान उसने नशे में कोई सूचना दी हो तो उसे इसकी जानकारी नहीं हैं। पुलिस को तलाशी में बाबा के पास दो ग्राम गांजा भी बरामद किया गया। पुलिस ने थाने में लाकर सिंह को जमानत मुचलके पर छोड़ दिया गया। पुलिस ने बताया कि बाबा के पास दो ग्राम गांजा ही बरामद हुआ था।
होटल से निकलते वक्त IIT बाबा ने कहा, हैप्पी बर्थडे तो बोल दो मुझे। उसने कहा पता नहीं पुलिस क्यों आई, किसी ने आत्महत्या के बारे में बता दिया… शायद इसलिए आए थे। हालांकि सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसे तो सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शिप्रापथ पुलिस स्टेशन के एसएचओ राजेंद्र गोदारा ने कहा कि, सूचना मिली थी कि अभय सिंह आत्महत्या कर सकता है। मौके पर पहुंचे तो IIT बाबा ने कहा कि मैं गांजे का सेवन करता हूं और वह मेरे पास है… गांजा पीना और रखना अपराध है। एनडीपीएस एक्ट के तहत सिंह को गिरफ्तार किया गया। गांजा काफी कम मात्रा में था इसलिए जमानत पर रिहा कर दिया गया। आगे जरूरत पड़ेगी तो वापस बुला लेंगे।
आईआईटी बाबा अभय सिंह चैम्पियनशिप ट्रॉफी में भारत-पाकिस्तान के महामुकाबले के दौरान काफी ट्रोल हुए थे। बाबा ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि इस बार पाकिस्तान मैच जीतेगा। उन्होंने कहा था कि मैच इंडिया नहीं जीतेगी। विराट कोहली चाहे कोई अन्य एड़ी-चोटी का जोर लगा ले। सबको बोल दो वह पूरा जोर लगाकर देख ले। जीत के दिखा दो। मैंने मना कर दिया है। अब नहीं जीतेगी तो नहीं जीतेगी। बाद में उन्हें काफी ट्रोल किया गया था।
Updated on:
3 Mar 2025, 6:27 PM IST
Published on:
3 Mar 2025, 3:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.