
Information about committe
जयपुर। कला के मंच रविन्द्र मंच परिसर में असामाजिक गतिविधियां और हंगामा करने वालों की अब खैर नहीं। रविन्द्र मंच प्रशासन ने मंच परिसर में असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों की पहचान करने और उन पर लगाम कसने के लिए जांच कमेटी गठित की है। पुरातत्व विभाग के उत्खनन अधीक्षक जफर उल्लाह खां की अध्यक्षता में गठित कमेटी रंग उत्सव के दौरान हुए हंगामे और अवांछनीय गतिविधियों की शिकायतों की जांच करेगी। इसके लिए कमेटी ने संबंधित पक्षों को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया है। कमेटी रविन्द्र मंच परिसर में असामाजिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए अवांछित लोगों की पहचान कर उनके बारे में जानकारी जुटाएगी।
अब महिलाएं कर सकेंगी शिकायत
रविन्द्र मंच प्रशासन ने महिला उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम और शिकायत के लिए कमेटी गठित की गई है। जंतरमंतर अधीक्षक शशि प्रभा स्वामी की अध्यक्षता में गठित कमेटी में हवामहल अधीक्षक सरोजनी चंचलानी और डॉ रेणु पामेचा सहित 5 सदस्य हैं। यह कमेटी रविन्द्र मंच पर महिला उत्पीड़न संबंधी शिकायतों की जांच करेगी।
धूम्रपान—शराब निषेध के पोस्टर लगाए
रविन्द्र मंच पर सार्वजनिक तौर पर धूम्रपान और शराब का सेवन रोकने के लिए जगह—जगह पर चेतावनी नोटिस चस्पा किए गए हैं। मुख्य द्वार से लेकर परिसर भवन में हर जगह पोस्टर लगाए गए हैं। रविन्द्र मंच पर अवांछित गतिविधियों को रोकने के लिए निजी कंपनी के गार्ड्स को हटाकर होम गार्ड्स के जवान लगाए गए हैं। मंच प्रशासन का कहना है कि अव्यवस्थाओं को रोकने के लिए कई कदम उठाए गए हैं।
क्या कहते हैं जिम्मेदार, उन्हीं की जुबानी सुनिए —
जांच कमेटी अध्यक्ष एवं पुरातत्व विभाग के उत्खनन अधीक्षक जफर उल्लाह खां का कहना है कि रविन्द्र मंच पर होली के मौके पर आयोजित रंग उत्सव के दौरान हुए हंगामे और अवांछित गतिविधियों की जांच कमेटी बनाई गई है। मुझे कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। जांच के लिए संबंधित पक्षों को बुलाया जा रहा है।
Published on:
10 May 2018 11:17 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
