
केवल आधार कार्ड और अंगूठे की छाप से खुलेगा खाता
जयपुर. बैंकिंग सेवाओं को गांवों तक पहुंचाने के लिए शनिवार को नई दिल्ली से देशभर में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की शुरुआत की गई। दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी ने जहां तालकटोरा स्टेडियम से
पोस्टल पेमेंट बैंक सेवा शुरू की वहीं, देशभर में 650 शाखाओं व 3250 केंद्रों पर भी उसी समय इसका उद्घाटन किया गया। राजधानी स्थित बिड़ला सभागार में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद केंद्रीय केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने पोस्टल पेमेंट बैंक की शुरुआत की। कार्यक्रम में राठौड़ ने कहा कि ये बैंक देश को आर्थिक मजबूती देंगे। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सिस्टम व ऑनलाइन भुगतान से बिचौलियो के माध्यम से की जा रही 65 हजार करोड़ रुपए की चोरी बंद हुई है। राठौड़ ने बताया कि मुद्रा योजना के तहत देशभर में 10 करोड़ लोगों को 4.5 लाख करोड़ रुपए के ऋण दिए गए हैं। इनमें से 90 फीसदी लोन 50 हजार रुपए तक के हैं। यानी कि ऋण का फायदा गरीब व मध्यम वर्ग के व्यक्तियों को मिला है।
जेब कटने का भी डर नहीं
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी ने कहा कि उनके एक कार्यक्रम में एक विधायक की जेब कट गई थी। उनके 17 हजार रुपए चले गए थे। पेमेंट बैंक से जेब में नकद पैसे रखने की आवश्यकता ही नहीं होगी। उन्होंने कहा कि काम बहुत हैं, बस करने वाले चाहिए। समारोह में सांसद रामचरण बोहरा समेत डाक विभाग के अधिकारी शामिल हुए।
----------------------------
पोस्टल पेमेंट बैंक से ये मिलेगा लाभ
- केवल आधार कार्ड व अंगूठे की छाप से खुलेगा खाता
- एक मिनट से भी कम समय में खोल सकेंगे खाता
- मोबाइल एप के माध्यम से भी हो सकेगा ऑपरेट
- नकद आहरण, पैसे जमा कराने के लिए खाता संख्या, पासवर्ड याद रखने की आवश्यकता नहीं
- केवल क्यूआर कोड व अंगूठे की छाप से होंगे ट्रांजेक्शन
- डाकिए के पास होगा एक स्मार्टफोन व बायोमीट्रिक उपकरण
- डाकिया घर आकर अंगूठे की छाप लेकर करवाएगा बैंकिंग
- खाते में न्यूनतम बैलेंस की अनिवार्यता नहीं
- अधिकतम एक लाख रुपए का रख सकेंगे बैलेंस
- एटीएम ट्रांजेक्शन, एसएमएस सेवा पर नहीं लगेगा चार्ज
- 13 भाषाओं में उपलब्ध मोबाइल एप से भी कर सकेंगे ट्रांजेक्शन
Published on:
01 Sept 2018 08:19 pm
