19 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Good News: जयपुर के इस रेलवे स्टेशन पर होगा बड़ा बदलाव, 13.5 करोड़ की लागत से बनेगी मॉडर्न सुविधाओं वाली बिल्डिंग

Development On Dahar Ke Balaji Railway Station: प्लेटफॉर्म नंबर दो की ओर सेकंड एंट्री का प्लान तैयार कर लिया गया है, जिस पर करीब 13.5 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके तहत बनने वाली नई बिल्डिंग में बुकिंग कार्यालय, भव्य पार्किंग और वेटिंग एरिया जैसी सुविधाएं होंगी।

2 min read
Google source verification
railway

फोटो: पत्रिका

Indian Railway: जयपुर में ढेहर के बालाजी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। अब यात्रियों को टिकट लेने और प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। रेलवे ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो की ओर नई सेकंड एंट्री विकसित करने का फैसला किया है। इसके साथ ही यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक नई बिल्डिंग का निर्माण भी किया जाएगा। इस बदलाव से यात्रियों की आवाजाही आसान होगी और स्टेशन पर भीड़ का दबाव भी कम होगा।

बढ़ते यात्रीभार को देखते हुए लिया निर्णय

दरअसल खातीपुरा, झोटवाड़ा, वैशाली नगर, कालवाड़ रोड और सीकर रोड क्षेत्र की बड़ी आबादी यात्रा के लिए इसी स्टेशन पर निर्भर रहती है। खासकर सीकर की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या यहां काफी अधिक रहती है। ऐसे में स्टेशन पर लगातार यात्रीभार बढ़ रहा है। कोरोना काल से पहले स्टेशन का पुनर्विकास कर नई बिल्डिंग और फुट ओवर ब्रिज का निर्माण तो किया गया था, लेकिन सेकंड एंट्री नहीं होने के कारण यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर एक तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता था। पीक टाइम के दौरान भीड़ बढ़ने से यह समस्या और भी ज्यादा हो जाती थी।

13.5 करोड़ रुपए होंगे खर्च

रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्लेटफॉर्म नंबर दो की ओर सेकंड एंट्री बनाने का प्लान तैयार कर लिया गया है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 13.5 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। नई बनने वाली बिल्डिंग में यात्रियों की सुविधा के लिए बुकिंग कार्यालय, आधुनिक वेटिंग एरिया और भव्य पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं की जाएंगी। इसके अलावा दोनों एंट्री के सर्कुलेटिंग एरिया का भी विस्तार किया जाएगा, ताकि यात्रियों के पिक एंड ड्रॉप के लिए अलग से पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके।

रोजाना 5000 यात्रियों की आवाजाही

रेलवे के आंकड़ों के अनुसार ढेहर के बालाजी रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन करीब 26 ट्रेनों का संचालन होता है। इन ट्रेनों के जरिए लगभग 5 हजार यात्री रोजाना सफर करते हैं। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने स्टेशन पर सुविधाओं के विस्तार का फैसला लिया है। नई सेकंड एंट्री और आधुनिक सुविधाओं के निर्माण से आने वाले समय में यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।