
मृदुला शर्मा / जयपुर . किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 15 रन से मिली जीत से उत्साहित मेजबान राजस्थान रॉयल्स को अब शुक्रवार को यहां चेन्नई सुपरकिंग्स के विरुद्ध होने वाले आइपीएल मुकाबले में ऑलराउंडर शेन वाटसन से सतर्क रहना होगा। राजस्थान रॉयल्स के पूर्व खिलाड़ी वाटसन अपनी पुरानी टीम के खिलाफ इस सत्र में खेले गए पिछले मैच में शतक जडऩे के अलावा एक विकेट भी ले चुके हैं। ऐसे में अब यहां सवाई मानसिंह स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में मेजबान राजस्थान रॉयल्स के सामने वाटसन को रोकना बड़ी चुनौती होगी। दरअसल वाटसन इस मैदान पर काफी क्रिकेट खेल चुके हैं और यहां की परिस्थितियों से भी वाकिफ हैं। ऐसे में रॉयल्स के कप्तान अजिंक्या रहाणे व टीम मेंटर शेन वार्न को वाटसन को रोकने के लिए खास रणनीति बनानी होगी।
धोनी व भज्जी ने नहीं किया अभ्यास
आरसीए एकेडमी पर बुधवार को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाडिय़ों ने जमकर अभ्यास किया। हालांकि कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी और ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लिया। धोनी बांसवाड़ा में एक सीमेंट कम्पनी के कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए थे। हालांकि वह शाम को जयपुर लौट आए, लेकिन उन्होंने अभ्यास से दूरी बनाए रखी। वाटसन के साथ ही सुरेश रैना , रविन्द्र जडेजा , ड्वेन ब्रावो व अम्बाती रायडु समेत अन्य खिलाडिय़ों ने अभ्यास के दौरान जमकर पसीना बहाया। टीम का गुरुवार शाम को भी अभ्यास का कार्यक्रम है।
गुलाबी जर्सी में खेलेंगे रॉयल्स
चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ शुक्रवार को यहां होने वाले आइपीएल मुकाबले में मेजबान राजस्थान रॉयल्स की टीम गुलाबी जर्सी में खेलने उतरेगी। राजस्थान रॉयल्स ने टाटा ट्रस्ट के सहयोग से आरंभ किए गए राज्यव्यापी 'कैंसर आउट' अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस मैच में गुलाबी जर्सी पहनकर खेलने का फैसला किया है। राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होने वाला मैच 'कैंसर आउट' अभियान के तहत सभी के बीच कैंसर की शीघ्र जांच को लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य के लिए समर्पित होगा। राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी अजिक्या रहाणे, हेनरिक क्लासेन, कृष्णप्पा गौतम और महिपाल लोमरोर ने बुधवार को गुलाबी जर्सी का अनावरण किया।
Published on:
09 May 2018 09:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
