
IRCTC New Website: वेबसाइट का होमपेज (फोटो-IRCTC)
जयपुर। भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग को पहले से अधिक तेज, आसान और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने अपनी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है। खास बात यह है कि इस वेबसाइट के डिजाइन और यूजर एक्सपीरियंस में किए गए कई अहम बदलाव जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) के विद्यार्थियों के सुझावों पर आधारित हैं। इन्हीं सुझावों में एक छात्रा की शिकायत के बाद केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई वेबसाइट तैयार कराने की घोषणा की थी।
रेल मंत्रालय के अनुसार, फिलहाल वेबसाइट का बीटा वर्जन आम लोगों के लिए परीक्षण (ट्रायल) के तौर पर जारी किया गया है। यात्री इसका उपयोग कर अपने सुझाव और फीडबैक दे सकेंगे। फीडबैक के आधार पर जरूरी सुधार करने के बाद इसे सभी यूजर्स के लिए पूर्ण रूप से लागू किया जाएगा। IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन यहां क्लिक करके देख सकते हैं। इसके साथ ही मौजूदा वेबसाइट के होमपेज पर भी इसका लिंक दिया गया है।
दरअसल, कुछ समय पहले जयपुर के एमएनआईटी में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिकायत की थी कि टिकट बुकिंग के समय IRCTC की वेबसाइट अक्सर धीमी पड़ जाती है या हैंग हो जाती है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। छात्रा की बात सुनते ही रेल मंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों से बात कर 15 जुलाई तक नई और आधुनिक वेबसाइट तैयार करने के निर्देश दिए थे। बाद में एमएनआईटी के विद्यार्थियों को वेबसाइट के डिजाइन और यूजर इंटरफेस को बेहतर बनाने की प्रक्रिया में भी शामिल किया गया।
नई वेबसाइट में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई बड़े बदलाव किए गए हैं। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि अब अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले ग्राफिक्स हटा दिए गए हैं, जिससे टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पहले से अधिक सरल हो गई है। इसके अलावा अब ट्रेन की सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक साथ दिखाई देगी, जिससे यात्रियों को अलग-अलग विकल्प देखने में आसानी होगी।
रेलवे ने बुकिंग प्रक्रिया को भी पहले से अधिक तेज बनाया है। टिकट बुक करते समय अब कम स्टेप्स पूरे करने होंगे, जिससे चेकआउट प्रक्रिया में कम समय लगेगा। वहीं, नियमित यात्रियों के लिए रिपीट बुकिंग की सुविधा भी आसान कर दी गई है। एक बार यात्री की जानकारी दर्ज होने के बाद अगली बार वही विवरण दोबारा भरने की आवश्यकता नहीं होगी।
रेल मंत्रालय का कहना है कि वर्ष 2002 में शुरू हुई मौजूदा IRCTC वेबसाइट पर प्रतिदिन औसतन 14.5 लाख टिकट बुक किए जाते हैं। बढ़ते डिजिटल ट्रैफिक और यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए वेबसाइट का आधुनिकीकरण आवश्यक हो गया था। इसके साथ ही रेलवे अपने दशकों पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) को भी अपग्रेड कर रहा है। नया रिजर्वेशन इंजन शुरू होने के बाद वेबसाइट की क्षमता और प्रदर्शन में और सुधार होगा।
रेलवे ने यात्रियों से नई वेबसाइट का उपयोग कर अपने सुझाव देने की अपील की है, ताकि अंतिम संस्करण को और अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया जा सके। आने वाले कुछ सप्ताह में नई वेबसाइट को अपग्रेड किए गए पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम के साथ पूरी तरह एकीकृत कर दिया जाएगा, जिससे टिकट बुकिंग पहले की तुलना में अधिक तेज और निर्बाध हो सकेगी।
Updated on:
15 Jul 2026 10:42 pm
Published on:
15 Jul 2026 10:27 pm
