जयपुर। श्रावण के पांचवें सोमवार को तड़के से ही शिवालयों में भक्तों की भीड़ नजर आई। अलसुबह ही लोग शिवजी के जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे। शिवालयों में हर—हर महादेव, ओम नम: शिवाय के जयकारों से गूंज उठे। शिवजी के जलाभिषेक के लिए भक्तों में होड़ सी नजर आई। भक्तेां ने शिवजी के जलाभिषेक कर बिल्व पत्र, आक—धतुरा आदि अर्पित किए।
क्वींस रोड स्थित झाड़खंड महादेव मंदिर में तड़के से ही शिवभक्तों की कतार लग गई। झाड़खंड महादेवजी के जलाभिषेक के लिए सुबह से ही भक्तों में होड सी रही। मंदिर परिसर हर—हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर के बाहर तक लगी भक्तों की कतार से भी हर—हर महादेव के जयकारें लगते रहे। मंदिर ट्रस्ट की ओर से शिवजी के जलाभिषेक के लिए पानी और रामझारों की व्यवस्था की गई। शाम 5 बजे महादेवजी के विशेष झांकी के दर्शन होंगे।
चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर में दर्शन खुलने के साथ ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर के बाहर तक भक्तों की कतार लगी रही। यहां पुलिस जवान व्यवस्था संभाले नजर आए। ताड़केश्वर महादेव के जलाभिषेक के लिए भक्तों में होड सी लगी रही। मंदिर परिसर में ताड़क बाबा के जयकारे गूंजते रहे। मंदिर में शाम को विशेष झांकी के दर्शन होंगे।
बनीपार्क स्थित जंगलेश्वर महादेव मंदिर और झोटवाड़ा रोड स्थित चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर के साथ छोटी चौपड़ स्थित रोजगारेश्वर महादेव मंदिर में भी भक्तों की भीड़ नजर आई। शिवजी के जलाभिषेक के लिए भक्त सुबह से मंदिर पहुंचे। वहीं शहर के बाहरी कॉलोनियों में भी शिवालयों में भक्तों की भीड़ देखने को मिली। भक्तों ने शिवजी के जलाभिषेक करने के बाद बिल्व पत्र आदि अर्पित किए।
शहर में निकली कांवड़ यात्रा
सावन के पांचवें सोमवार को भी शहर में कांवड़ यात्राओं का दौर जारी रहा। गलता तीर्थ से सुबह से ही शहर के विभिन्न शिवालयों के लिए कांवड़ में जल लेकर भक्त रवाना हुए। इस दौरान बोल बम ताड़क बम के जयकारे गूंज उठे।