जयपुर। राजस्थान आवासन मंडल कर्मचारी एक हजार करोड़ रुपए बचाने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे है। कर्मचारी 2 अक्टूबर तक विरोध प्रदर्शन करेंगे, इसके बाद क्रमिक अनशन शुरू करने का निर्णय लिया गया है। कर्मचारियों की मानें तो सरकार मंडल से करीब एक हजार करोड़ रुपए ले रही है, जिसका विरोध किया जा रहा है।
राजस्थान आवासन बोर्ड, कर्मचारी संघ की ओर से मुख्यालय में भोजन अवकाश में संघर्ष समिति के आह्वान पर कर्मचारियों की ओर से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। संघर्ष समिति के संयोजक रमेश चन्द शर्मा व संयुक्त महासचिव गोविन्द नाटाणी ने बताया कि कर्मचारियों की ओर से प्रदेशभर के कार्यालयों में गेट मीटिंग कर विरोध किया जा रहा है। विरोध प्रदर्शन 2 अक्टूबर तक जारी रहेगा। उसके बाद सरकार की हठधर्मिता रही तो 3 अक्टूबर से मुख्यालय पर 11 पदाधिकारियों की ओर से क्रर्मिक अनशन शुरू किया जाएगा।
महामंत्री प्रदीप शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से मण्डल से गलत तरीके से 1000 हजार करोड़ रूपए लिये जा रहे हैं, वर्तमान में मण्डल की 2700 करोड़ रूपए देनदारिया है और मण्डल कोष में मात्र 1500 करोड़ रूपए है। इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव को विगत दिनों में ज्ञापन दिया गया। राज्य सरकार की ओर से 300 करोड़ रूपये लिए जा चुके है। कई करोड़ रूपये की छूट दी जा चुकी है। करोड़ों रूपयों की जमीन पर सिटी पार्क का निर्माण कराया जा रहा है।