
दो साल बाद निकलेगी गणगौर की शाही सवारी, 100 कलाकार बिखेरेंगे लोकरंग
Gangaur Folk Festival जयपुर। चैत्र शुक्ल तृतीया पर सोमवार को लोकपर्व गणगौर मनाया जाएगा। इस दिन सुस्थिर व रवि योग का संयोग रहेगा। करीब दो साल बाद शहर में लोकपर्व का उल्लास नजर आ रहा है। Gangaur Royal Ride सोमवार शाम 6 बजे जनानी ड्योढ़ी से गणगौर की शाही सवारी निकलेगी। शाही लवाजमे के साथ गणगौर की सवारी के आगे करीब 100 लोक कलाकार राजस्थानी छटा बिखेरते हुए चलेंगे। इसकी तैयारी कर ली गई है। शहर में 4 और 5 अप्रेल को गणगौर की सवारी निकलेगी। वहीं इससे पहले रविवार को गणगौर का सिंजारा मनाया जा रहा है। महिलाओं ने सिंजारे की मेहंदी रचाई है, वहीं नवविवाहिताओं के मायके से सिंजारा आया।
लोकपर्व गणगौर पर दो साल बाद फिर से शहर में गणगौर की शाही सवारी निकलेगी। गणगौर की सवारी को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। शाम 6 बजे जनानी ड्योढ़ी से निकलकर त्रिपोलिया गेट से गणगौर की शाही सवारी निकलेगी। इससे आगे करीब 100 लोककलाकार राजस्थानी लोग नृत्यों की प्रस्तुति देते हुए चलेंगे। वहीं कालबेलिया विभिन्न स्वांग रचेंगे। गणगौर की शाही सवारी त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार होती हुई तालकटोरे स्थित पाल का बाग पहुंचेगी। पर्यटन विभाग की ओर से शाही सवारी में 100 कलाकार प्रस्तुति देंगे। पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सवारी के दौरान कलाकार राजस्थानी लोकनृत्यों में कालबेलीया नृत्य, कच्छी घोड़ी नृत्य सहित कई राजस्थानी नृत्यों की झलक देखने को मिलेगी।
रवियोग और सुस्थिर योग का संयोग
ज्योतिषाचार्य डॉ. रवि शर्मा ने बताया कि गणगौर के दिन रवि योग और सुस्थिर योग रहेगा। सोमवार दोपहर 2 बजकर 28 मिनट पर दोनों योग शुरू होंगे। इस दिन गणगौर के रूप में माता गौरी की पूजा की जाती है। जयपुर में गणगौर पर सिर्फ गौरी की ही पूजा की जाती है, इसलिए गणगौर सवारी में सिर्फ गौरी स्वरूपा गणगौर की ही सवारी निकलती है।
मार्ग में रंगोली, पानी का होगा छिड़काव
गणगौर की शाही सवारी को लेकर हैरिटेज नगर निगम की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की जा रही है। सवारी मार्ग को रंगोली से सजाया जाएगा। इतना ही नहीं, इस बार तेज गर्मी को देखते हुए सवारी मार्ग पर पानी का छिडकाव भी किया जाएगा, जिससे लोककलाकारों के साथ सवारी को लेकर चलने वाले लोगों को परेशानी नहीं हो। इसे लेकर निगम प्रशासन ने अफसरों को जिम्मेदारी सौंप दी है। महापौर मुनेश गुर्जर ने बताया कि हैरिटेज नगर निगम की ओर से गणगौर मेले और सवाली को लेकर बेहत्तर व्यवस्थाएं की जाएगी। व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये है। गणगौर माता की सवारी सिटी पैलेस से निकल कर विभिन्न मार्गों से होते हुए चौगान स्टेडियम से पौण्ड्रिक पार्क पहुंचेगी। नगर निगम हैरिटेज की ओर से गणगौर के सवारी मार्ग में संपूर्ण सफाई व्यवस्था, त्रिपोलिया बाजार के सामने हिंद होटल की दुकानों के उपर पर्यटकों के बेठने की बेहत्तर व्यवस्था, गणगौर माता की सवारी के साथ चलने वाले कलाकारों एवं माता की सवारी उठाने वाले कर्मचारियों के पैरों को गर्मी से बचाने के लिए सवारी यात्रा में पानी का छिड़काव किया जाएगा। जगह-जगह पीने के पानी की व्यवस्था भी रखी जाएगी। महापौर ने बताया कि छोटी चोपड़ पर शहनाई वादन होगा।
गणगौर मेले पर कल आधे दिन का अवकाश
गणगौर मेले के मौके पर सोमवार को आधे दिन का अवकाश रहेगा। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इस बारे में आदेश जारी कर दिए गए है। आदेशों में कहा गया है कि सोमवार 4 अप्रेल को दोपहर 1.30 बजे से आधे दिन का अवकाश रहेगा। जयपुर शहर स्थित राज्य सरकार के समस्त कार्यालयों, राजकीय उपक्रमों और शिक्षण संस्थाओं के लिए यह आधे दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
Published on:
03 Apr 2022 03:32 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
