4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

चलती ट्रेन में पकड़ा दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगने वाला, जयपुर के व्यापारी को दी थी धमकी

मकराना से ट्रेन में बैठी पुलिस टीम, तीन सामान्य कोच में 700 लोगों की तस्दीक के बाद जोबनेर में पकड़ा आरोपी, जयपुर के व्यापारी को वाट्सऐप पर गोली की फोटो भेज दी थी धमकी, रुपए नहीं मिले तो चारों भाइयों को जान से मार देगा, गुगल और फेसबुक पर व्यापारी की जानकारी जुटाकर मांगी थी रकम
2 min read
Google source verification
a5_1.jpg

मुकेश शर्मा / जयपुर। दो करोड़ रुपए की फिरौती नहीं देने पर चार भाइयों को जान से मारने की धमकी देने वाला चलती ट्रेन में पकड़ा गया है। पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि मूलत: बिहार के पटना और हाल उत्तर प्रदेश में आलमपुर में खानाबदोश 22 वर्षीय अमित कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यू ट्यूब पर एक फिल्म देख फिरौती वसूलने की साजिश रची। गुगल पर जयपुर के सिद्धार्थ नगर व्यापारी रोमी गोदा के व्यवसाय और मोबाइल नंबर की जानकारी मिली। फिर व्यापारी के फेसबुक से उसके परिवार की जानकारी जुटाई। बाद में व्यापारी चारों भाइयों की सलामती के लिए दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी।

बिहार से जोधपुर पहुंचा, फिर जयपुर की तरफ निकला

डीसीपी राहुल जैन ने बताया कि आरोपी अमित पीडि़त व्यापारी को केवल वाट्सऐप संदेश से धमकी दे रहा था। उसकी जानकारी जुटाई गई। तकनीकी टीम से आरोपी के बिहार में होने का पता चला। एक टीम बिहार के पटना रवाना की गई। जबकि बाद में आरोपी के आगरा फिर जयपुर होते हुए जोधपुर पहुंचने का पता चला। एक पुलिस टीम जोधपुर रवाना की गई। यह पुलिस टीम मकराना पहुंची, तभी पता चला कि आरोपी जोधपुर से गुरुवार रात 8 बजे जयपुर के लिए रवाना हुई हावड़ा एक्सप्रेस में सवार हो गया। तभी पुलिस टीम को मकराना में रोक दिया गया। जबकि अन्य पुलिस टीम को जयपुर जंक्शन पर तैनात किया। देर रात 11 बजे ट्रेन मकराना पहुंची तब मालपुरा गेट थानाधिकारी नेमीचंद के नेतृत्व में छह पुलिसकर्मियों की टीम ट्रेन के सामान्य (लोकल) कोच में सवार हो गई।

एक कोच में करीब 300 लोग

पुलिस टीम ने बताया कि सामान्य एक कोच में करीब तीन सौ लोग सवार थे। ट्रेन में कुल पांच सामान्य कोच लगे थे। जोबनेर तक दो कोच में संदिग्ध आरोपी की तलाश कर तीसरे कोच में उसकी तलाश जारी थी। तभी संदिग्ध मोबाइल पर कुछ संदेश लिखते हुए मिला। उसे पकड़ा गया तो पीडि़त व्यापारी को धमकी वाले भेजे गए संदेश उसके मोबाइल में मिले। तब आरोपी को तस्दीक के बाद गिरफ्तार किया गया। चलती ट्रेन में करीब 700 लोगों की तस्दीक की गई।

चोरी का मोबाइल और करीब दस फर्जी सिम

आरोपी धमकी देने के लिए चोरी का मोबाइल उपयोग में ले रहा था। उक्त मोबाइल में अलग-अलग नंबर की 10 सिम लगा चुका था। सिम भी फर्जीवाड़ा कर ली हुई थी। आरोपी का आराधिक रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है।

यह संदेश भेजा था व्यापारी को

आरोपी अमित ने पीडि़त व्यापारी को 2 फरवरी को वाट्सऐप संदेश भेजा। उसमें लिखा कि कल तो अपने घर सही सलामत पहुंच गया। लेकिन अब सलामती चाहता है तो दो करोड़ रुपए दे दे। रुपए नहीं देने पर चारों भाइयों को जान से मार दूंगा। साथ में एक बंदूक की गोली की फोटो वाट्सऐप पर भेजी थी।