
Jaipur G-Club Firing: जयपुर. गैंगस्टर लारेंस, रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ के निर्देश पर जी क्लब में ताबड़तोड 17 राउंड फायरिंग के बाद शहर के एक कल्ब, दो होटल समेत 6 व्यवसायिक प्रतिष्ठान में फायरिंग की साजिश थी। चारों शूटर्स ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों की रैकी कर ली थी। कमिश्नरेट की स्पेशल टीम ने सतर्कता दिखाते हुए इस दौरान शूटर्स को 31 जनवरी को आगरा से पकड़ लिया। गैंगस्टर लॉरेंस ने यह देखते हए सांगानेर के एक प्रॉपर्टी डीलर को ठिकाने लगाने दिल्ली से दो शूटर्स भेजे, लेकिन वो भी कमिश्नरेट पुलिस ने धर दबोचे और साजिश धरी रह गई।
यहां होनी थी फायरिंग
जवाहर सर्कल में जी क्लब के बाद सांगानेर, बजाज नगर, हरमाड़ा में प्रॉपर्टी डीलर, अशोक नगर में क्लब, प्रताप नगर व बनीपार्क में होटल पर फायरिंग की साजिश थी। पकड़े गए शूटर्स ने पुलिस को पूछताछ में बताया व्यापारिक प्रतिष्ठानों और उनके संचालकों के घर की रैकी कर ली थी। जी क्लब के बाद उन्हें सांगानेर के एक प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग करनी थी, लेकिन जयपुर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
लॉरेंस ने दिल्ली से भेजे दो शूटर्स, गिरफ्तार
सांगानेर के रियल एस्टेट व्यापारी ने रोहित गोदारा की धमकी पर पांच करोड़ रुपए की रंगदारी नहीं दी थी। जी–क्लब पर फायरिंग करने वाले शूटर्स पकड़े गए थे। लॉरेंस ने सबसे पहले दिल्ली से दो शूटर्स धर्मेंद्र उर्फ मोची और मनीष उर्फ कबूतर सांगानेर के रियल एस्टेट व्यापारी को ठिकाने लगाने के लिए जयपुर भेजा। दोनों 15 फरवरी को जयपुर पहुंचे। फायरिंग करने के बदले इन्हें 25-25 लाख रुपए में डील तय हुई और दस-दस हजार रुपए दिए गए। लेकिन पुलिस सुरक्षा के चलते शूटर्स फायरिंग नहीं कर पाए। पुलिस आयुक्तालय की क्राइम ब्रांच और सांगानेर पुलिस ने दिल्ली से उन्हें गिरफ्तार किया।
रोहित गोदारा ने जयपुर में उपलब्ध करवाए हथियार
शूटर धर्मेंद्र सोशल मीडिया पर लॉरेंस गैंग व गोगी गैंग को लाईक करता था। रोहित गोदारा ने इंस्टाग्राम से दोनों से संपर्क कर लॉरेंस विश्नोई गैंग में शामिल किया। हरजेश को ठिकाने लगाने के लिए दोनों शूटर्स को कुल 4 पिस्टल 8 मैगजीन और 50 कारतूस जयपुर में उपलब्ध करवाई गई थी।
रितिक करता था टारगेट का चयन
रितिक बॉक्सर जयपुर का रहने वाला है। इसलिए शहर में हरजेश नाराणिया व अन्य व्यापारियों का चयन और नंबर उपलब्ध करवाने में उसकी अहम भूमिका रही। जी क्लब पर फायरिंग करने वाले शूटर कोली उर्फ सोन मराठा ने पूछताछ में बताया हरजेश नाराणियां को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मागने की साजिश लॉरेंस, रितिक और रोहित ने मिल कर बनाई।
रोहित गोदारा ने सांगानेर के एक प्रॉपर्टी डीलर से पांच करोड़ की रंगदारी के लिए धमकी दी थी।पुलिस ने मामले में चार्जशीट पेश की है। तीन का चालान हो गया और गैंगस्टर लॉरेंस, रोहित गोदारा, रितिक बॉक्सर, आशीष विश्नोई, अनमोल विश्नोई ,ऋषभ व अन्य विरुद्ध जांच लंबित है।
- कैलाश विश्नोई, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त
पुलिस ने जी क्लब फायरिंग के बाद शूटर्स को तत्परता से पकड लिया। जिससे व्यापारी पर हमला नहीं हो पाया। वहीं दिल्ली से आने वाले शूटर्स को भी पुलिस आयुक्तालय की क्राइम ब्रांच व सांगानेर पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
-राम सिंह शेखावत, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त
Published on:
11 Apr 2023 10:08 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
