
भावना वशिष्ठ (पत्रिका फोटो)
Jaipur Hit and Run Case: जयपुर: राजधानी के जगतपुरा इलाके में रविवार रात एक दिल दहला देने वाला हिट एंड रन का मामला सामने आया है। एक तेज रफ्तार बेकाबू गाड़ी ने टहल रहे पति-पत्नी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक निजी कॉलेज की 40 वर्षीया महिला लेक्चरर भावना वशिष्ठ की मौत हो गई, जबकि उनके पति मुकुल वशिष्ठ गंभीर रूप से घायल हैं। इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है और दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।
जानकारी के अनुसार, भावना वशिष्ठ अपने पति मुकुल के साथ जगतपुरा की आनंद विहार रेलवे कॉलोनी में रहती थीं। रविवार रात को दोनों खाना खाने के बाद रोजाना की तरह टहलने के लिए निकले थे। वे जगतपुरा फाटक से खातीपुरा स्टेशन की तरफ जाने वाली 100 फीट चौड़ी सड़क पर वॉक कर रहे थे।
बता दें कि इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित गाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। वारदात के बाद आरोपी ड्राइवर गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया।
हादसे के वक्त भावना अपने भाई से फोन पर बात कर रही थीं। बातचीत के दौरान ही अचानक एक जोरदार आवाज आई और फोन कट गया। किसी अनहोनी की आशंका के चलते जब भाई ने तुरंत वापस फोन मिलाया, तो वहां मौजूद एक राहगीर ने फोन उठाया।
राहगीर ने भाई को एक्सीडेंट की खबर दी। सूचना मिलते ही घरवाले घबराए हुए तुरंत मौके पर पहुंचे। उस समय वहां मौजूद स्थानीय लोग घायल पति-पत्नी को एक ऑटो के जरिए अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहे थे।
इस हादसे में मुकुल वशिष्ठ की हंसली (कॉलर बोन) टूट गई और उन्हें गंभीर चोटें आईं। वहीं, भावना की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार सुबह करीब 5 बजे डॉक्टरों ने भावना को मृत घोषित कर दिया। भावना की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। भावना की एक 13 साल की बेटी और एक 4 साल का मासूम बेटा है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले की सूचना मिलने पर रामनगरिया थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके ड्राइवर के खिलाफ हिट एंड रन का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल और उसके आस-पास के रूट पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार गाड़ी और ड्राइवर की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद भावना का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
Updated on:
19 May 2026 10:17 am
Published on:
19 May 2026 08:28 am
