9 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर लैब की रिपोर्ट से मचा हड़कंप..काली मिर्च में ‘मिनरल ऑयल’ मिलाकर परोसा जा रहा था धीमा जहर, सरसों के तेल में मिला एसिड का टॉक्सिक डोज

विभाग की जांच में काली मिर्च में जहरीला मिनरल ऑयल और सरसों के तेल में गंभीर गड़बड़ी सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया।
2 min read
Google source verification
lab report

lab report

जयपुर की खाद्य जांच प्रयोगशाला से आई रिपोर्ट ने झुंझुनूं में हड़कंप मचा दिया। लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले दो दुकानदारों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए उनके खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए। विभाग की जांच में काली मिर्च में जहरीला मिनरल ऑयल और सरसों के तेल में गंभीर गड़बड़ी सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर के निर्देश पर दोनों दुकानों में संबंधित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई।

काली मिर्च में घुला खतरा

विभागीय टीम ने जब गुड़ागौड़जी के उदयपुरवाटी रोड़ स्थित 'शुभम जनरल स्टोर' पर छापा मारा, तो वहां का नजारा बेहद सामान्य था, लेकिन पर्दे के पीछे जो खेल चल रहा था वह रूह कंपा देने वाला था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दुकान से खुले में बेची जा रही काली मिर्च का सैंपल लिया और उसे तुरंत जांच के लिए जयपुर स्थित राज्य केंद्रीय प्रयोगशाला भेजा। जब रिपोर्ट आई तो अधिकारियों के पैरों तले जमीन खिसक गई। रिपोर्ट सामने आते ही विभाग ने काली मिर्च को असुरक्षित घोषित कर दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया।

सरसों तेल में मिला 'एसिड' का टॉक्सिक डोज

बुहाना क्षेत्र के राहुल किराना स्टोर से लिए गए सरसों तेल के नमूने में भी गंभीर खामियां मिलीं। जांच में तेल की एसिड मात्रा तय मानकों से कई गुना ज्यादा पाई गई। इतना ही नहीं, दुकानदार खुले में सरसों तेल बेच रहा था, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है। विभाग ने इसे जनता की सेहत के साथ खुला खिलवाड़ मानते हुए दुकान का लाइसेंस तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया।

मिलावटखोरों पर विभाग का शिकंजा

खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि मिलावटखोरों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिलेभर में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

मिलावटी खाद्य पदार्थों से लोगों की सेहत पर बड़ा खतरा

खाद्य विशेषज्ञों के अनुसार मिनरल ऑयल और अत्यधिक एसिड वाला खाद्य तेल लंबे समय तक सेवन करने पर शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। इससे पेट, लीवर और पाचन तंत्र संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार मिलावटी खाद्य पदार्थ खाने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की आशंका भी बढ़ सकती है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हमेशा पैकिंग वाले और प्रमाणित खाद्य उत्पाद ही खरीदें तथा संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने पर तुरंत शिकायत करें।

बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग