
सुपारी गले में अटकी, जान पर बनी तो पहुंचा अस्पताल, एसएमएस में बिना चीरफाड़ करें निकाला
जयपुर. सवाई मानसिंह अस्पताल के इएनटी विभाग के चिकित्सकों ने सांस नली में फंसी सुपारी को निकालकर एक महिला की जान बचाई है। विभाग के सह आचार्य डॉ. विकास रोहिला ने बताया कि बीकानेर निवासी 46 वर्षीय महिला को लगातार खांसी आने और सांस लेने में दिक्कत थी। उसने कई चिकित्सकों से परामर्श भी लिया लेकिन राहत नहीं मिली।
यहां आने पर चिकित्सकीय जांच में पता चला कि, उसकी सांस की नली में सुपारी का एक बड़ा टुकड़ा फंसा हुआ है। पूछताछ में पता चला कि, दो माह पहले उसने सुपारी खाई थी। संभवत: उस वक्त उसका टुकड़ा गले में फंस गया था। चिकित्सकों ने मरीज को बेहोश करके ब्रॉनकोस्कोपी से बिना चीर फाड़ किए चार सेमी का सुपारी का टुकड़ा निकाल दिया।
डॉ. रोहिला ने बताया कि मरीज का स्वास्थ्य ठीक है। उसे 24 घंटे तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। इसके बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। मरीज का उपचार करने वाली टीम में विभागाध्यक्ष डॉ सुनील समधानी, डॉ. विकास रोहिला, डॉ. पूजा स्वामी, डॉ. कनिका शर्मा, डॉ.लोकेंद्र व निश्चेतना विभाग की डॉ ममता शर्मा और डॉ.समृद्धि शामिल रहे।
Published on:
06 Dec 2022 07:32 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
