
जयपुर। मेट्रो ट्रेन में सफर करने वाले लोग अब खरीदारी के साथ सूप-कॉफी का भी लुत्फ उठा सकेंगे। मार्च से इस सुविधा के शुरू होने की उम्मीद है। शहर के नौ मेट्रो स्टेशनों को प्रशासन ने दो हिस्सों में बांटा है। बड़े स्टेशन पर शॉपिंग सेंटर व रेस्टोरेंट बनेंगे वहीं छोटे स्टेशन पर कियोस्क लगाए जाएंगे। सिविल लाइंस, रेलवे स्टेशन और रामनगर स्टेशन पर अधिक स्पेस होने से शॉपिंग के साथ-साथ रेस्टोरेंट खोलने की योजना है। जबकि मानसरोवर, न्यू आतिश मार्केट, विवेक विहार, श्याम नगर, सी स्कीम समेत अन्य पर स्टेशन पर कियोस्क खोलेंगे।
ट्रेन से लेकर पिलर तक से कमाई
स्टेशन पर मोबाइल टॉवर व पिलर्स पर विज्ञापन से मेट्रो की 8-10 करोड़ कमाने की योजना भी है। इसकी शुरुआत ट्रेन में अंदर विज्ञापन लगाने से हो चुकी है। मेट्रो के अधिकारियों का दावा है कि बिना किराए बढ़ाए, शहरवासियों को कम पैसों में मेट्रो का सफर कराना उद्देश्य है। इसी को ध्यान में रखते हुए मेट्रो प्रशासन दूसरे विकल्पों से आय कर रहा है।
- 18000 से अधिक यात्री सफर करते रोजाना मेट्रो से
- 60 करोड़ रुपए से अधिक रुपए खर्च हो चुके हैं इसके रखरखाव में
- 21 करोड़ रुपए से अधिक की आय हुई है यात्रियों के किराए से
- 06 रुपए न्यूनतम और 17 रुपए अधिकतम किराया है जयपुर मेट्रो का
- तीन बड़े मेट्रो स्टेशन पर शॉपिंग सेंटर के साथ-साथ रेस्टोरेंट खोलने की योजना है। टेंडर प्रक्रि या शुरू हो चुकी है। मार्च में मेट्रो स्टेशन बदले दिखेंगे। वहीं छोटे स्टेशनों पर कियोस्क लगाए जाने की योजना है।
राजेश कुमार अग्रवाल, निदेशक (कॉर्पोरेट अफेयर्स)
Published on:
29 Nov 2017, 2:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.