23 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: विद्याधर नगर-भट्टा बस्ती में 250 गाय पकड़ी, हिंगोनिया गोशाला भेजी

शहर में अवैध पशु डेयरियों और गो माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम जयपुर ने सोमवार को विद्याधर नगर-भट्टा बस्ती क्षेत्र में अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान करीब 250 गायों को पकडक़र हिंगोनिया गोशाला भिजवाया गया ।

less than 1 minute read
Google source verification

जयपुर। शहर में अवैध पशु डेयरियों और गो माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम जयपुर ने सोमवार को विद्याधर नगर-भट्टा बस्ती क्षेत्र में अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान करीब 250 गायों को पकडक़र हिंगोनिया गोशाला भिजवाया गया । निगम के अनुसार, एक साथ इतनी बड़ी संख्या में गायों को पकड़े जाने की यह पहली बड़ी कार्रवाई है।

सुबह 8 बजे शुरू, शाम 7 बजे तक चला अभियान
अभियान सुबह करीब 8 बजे शुरू हुआ और देर शाम तक जारी रहा। पशु प्रबंधन शाखा की टीम ने विद्याधर नगर, सुंदर नगर, अम्बाबाड़ी और किशनबाग क्षेत्र में संचालित अवैध डेयरियों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर पशुपालकों और गौ माफिया से जुड़े लोगों ने विरोध किया।

आयुक्त के निर्देश पर हुई कार्रवाई
निगम आयुक्त गौरव सैनी के निर्देश और पशु प्रबंधन शाखा की उपायुक्त अनिता मित्तल के आदेश पर डॉ. हरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। निगम प्रशासन का कहना है कि अवैध रूप से संचालित डेयरियों से शहर में गंदगी, यातायात बाधा और हादसों का खतरा बढ़ रहा था।

पहले भी हुई थी कार्रवाई
निगम अधिकारियों के अनुसार, संबंधित अवैध डेयरियों पर पूर्व में भी कार्रवाई की गई थी। हवामहल जोन की ओर से चौगान स्टेडियम क्षेत्र में इन्हें ध्वस्त किया गया था, लेकिन दोबारा संचालन शुरू कर दिया गया। निगम का आरोप है कि कुछ गौ माफिया कार्रवाई को प्रभावित करने के प्रयास कर रहे थे।

विरोध और पुलिस तैनाती
कार्रवाई के दौरान भट्टा बस्ती और विद्याधर नगर थाना पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। करीब 50-50 लोगों के समूहों ने विरोध जताया, जिन्हें पुलिस ने समझाइश देकर हटाया। नगर निगम की सतर्कता शाखा भी मौके पर मौजूद रही। देर रात तक अभियान जारी रहने की सूचना है।