
Jaipur Murder Case
जयपुर के सुभाष चौक थाना इलाके में युवक की मौत के बाद मचा बवाल थम गया है। बाजार खुल गए लेकिन लोगों में खौफ अब भी बरकरार है। उधर, पुलिस इस मामले में 60 घंटे से ज्यादा बीत जाने के बाद भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई कि हमलावर कौन हैं। हालांकि 15 लोगों को इस मामले में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रविवार को भी पुलिस ने घटनाक्रम के सीसीटीवी फुटेज जुटाए। पुलिस का तर्क यह है कि जो सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, उसमें यह चैक किया जा रहा है कि मारने वाले कौन लोग थे और बचाने वाले कौन थे। पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने रविवार शाम माणक चौक थाने में पुलिस अधिकारियों की बैठक ली और हालात की समीक्षा की। पुलिस अधिकारियों को सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान एडिशनल पुलिस कमिश्नर कुंवर राष्ट्रदीप भी मौजूद रहे।
सुबह मंदिर दर्शन करने पहुंचे
परकोटे में रहने वाले लोग सुबह गोविन्ददेवजी मंदिर और ता़ड़केश्वर मंदिर पहुंचे और पूजा अर्चना की। स्थानीय लोग शुक्रवार को हुई घटना को लेकर एक-दूसरे से पूछताछ करते नजर आए। कई लोग घरों से तो निकले, लेकिन अब भी उनके मन में घटना को लेकर भय व्याप्त है।
यह भी पढ़ें - राजस्थान की पहली सोने खान होगी नीलाम, हाईकोर्ट का आदेश
एसटीएफ रख रही नजर
माणक चौक थाने के बाहर स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) तैनात रही। पुलिसकर्मी बाजारों में गश्त करते दिखे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है। डीजीपी उमेश मिश्रा ने बताया कि संवेदनशील इलाकों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस मामले में जो भी दोषी होगा उसकी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
पूर्व विधायक व्यापारियों को लेकर थाने पहुंचे
पूर्व विधायक मोहनलाल गुप्ता ने जौहरी बाजार स्थित पुरोहित जी के कटले में नकाबपोशों की ओर से प्रतिष्ठानों पर किए गए हमले पर रोष जताया है। गुप्ता रविवार को व्यापारियों के साथ माणक चौक थाने पहुंचे और शिकायत दी। गुप्ता ने बताया कि पुलिस निष्क्रियता के कारण समाजकंटकों का दुस्साहस इतना बढ़ गया कि दिनदहाड़े पुरोहितजी के कटले में लूटपाट कर चले गए।
यह भी पढ़ें - कुम्हेर सामूहिक नरसंहार कांड में 9 को उम्रकैद की सजा, 41 को कोर्ट ने निर्दोष बताया
Updated on:
2 Oct 2023, 11:36 AM IST
Published on:
2 Oct 2023, 11:34 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.