
फोटो पत्रिका नेटवर्क
जयपुर। कोतवाली थाना पुलिस ने एक विदेशी महिला के साथ हुए ऑनलाइन भुगतान की गलती के मामले में 24 घंटे के भीतर 27 हजार रुपए वापस दिलवा दिए। महिला ने दिल्ली से जयपुर आने के लिए टैक्सी बुक की थी, लेकिन 3 हजार रुपए की जगह गलती से 30 हजार रुपए का भुगतान हो गया था।
थानाप्रभारी राजेश गौतम ने बताया कि स्लोवाकिया रिपब्लिक निवासी निकोला नोस्कोवा एक वैज्ञानिक हैं। वह आईआईटी दिल्ली में 21 फरवरी से 13 मार्च तक आयोजित एक कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए भारत आई थीं। रविवार को उन्हें वापस स्लोवाकिया लौटना था, लेकिन फ्लाइट कैंसिल होने के कारण वह घूमने के लिए जयपुर आ गईं।
निकोला ने दिल्ली से जयपुर आने के लिए एक कैब बुक की थी। कैब चालक उन्हें जयपुर में चौड़ा रास्ता इलाके में उतारकर चला गया। करीब तीन-चार घंटे बाद जब महिला ने अपने अकाउंट की जांच की तो उसे 30 हजार रुपए कटने का मैसेज मिला, जबकि उसे केवल 3 हजार रुपए का भुगतान करना था।
इस पर महिला ने कोतवाली थाना पुलिस से संपर्क कर पूरी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने अभय कमांड सेंटर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से संबंधित कैब के नंबर की पहचान की। इसके बाद कैब कंपनी से संपर्क कर वाहन को ट्रैक कराया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते 24 घंटे के भीतर महिला के शेष बचे 27 हजार रुपए वापस दिलवा दिए गए। पुलिस की मदद से राहत मिलने पर महिला ने आभार जताया। इसके बाद मंगलवार को वह वापस अपने देश लौट गई।
Updated on:
10 Mar 2026 08:29 pm
Published on:
10 Mar 2026 08:29 pm
