14 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिन में रेकी, रात में चोरी; जयपुर में शातिर चोर गिरफ्तार, 4.35 लाख कैश और जेवर चोरी समेत तीन मामलों का खुलासा

Jaipur Theft Case: जयपुर के खोरा बीसल थाना क्षेत्र में 4.35 लाख रुपये की नकदी और जेवर चोरी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
2 min read
Google source verification
Jaipur Theft Case

प्रतीकात्मक तस्वीर

History Sheeter Arrested: जयपुर के खोरा बीसल थाना क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी दिन के समय सूने मकानों की रेकी करता था और रात होते ही घरों और दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। गिरफ्तारी के बाद दो और मामलों में खुलासा हुआ है।

क्या था पूरा मामला?

पुलिस ने बताया कि सरना डूंगर के रहने वाले दिलीप कुमार ने जयपुर के खोरा बीसल थाना में 17 जून को चोरी की शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने शिकायत लिखवाते समय बताया कि परिवार के सभी लोग अहमदाबाद गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोर घर और दुकान में ताले तोड़कर अदंर घुस गए। उन्होंने बताया कि उनकी अलमारी में 4.35 लाख रुपये कैश, सोने-चांदी के जेवर, दो अंगूठियां और दो घड़ियां थी जिन्हें चोरों ने गायब कर दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।

ऐसे पकड़ में आया चोर

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घर के आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में उन्हें ओमप्रकाश के बेटे घणेश सैन पर शक हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात मान ली। इसके बाद पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए। पुलिस अब चोरी की नकदी और बाकी सामान की भी तलाश कर रही है।

दो और चोरियों का खुलासा

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खोरा बीसल थाना क्षेत्र में हुई दो अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार, गणेश सैनी खोरा बीसल थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट समेत लगभग दो दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह और किन-किन वारदातों में शामिल रहा है।