जयपुर। ताड़केश्वर महादेव मंदिर परिसर स्थित देवस्थान विभाग के विश्वेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार को दान पात्र रखने को लेकर विवाद हो गया। देवस्थान विभाग ने मंदिर में बड़ा दान पात्र रखा तो पुजारी विरोध में उतर आए। थोड़ी देर बाद ही दानपात्र को सड़क पर रख दिया। इससे मामला गरमा गया।
जानकारी के अनुसार विश्वेश्वर महादेव मंदिर देवस्थान विभाग के अधीन है, हालांकि यहां सेवा—पूजा ताड़केश्वर महादेव मंदिर के पुजारी करते आ रहे है। देवस्थान विभाग ने यहां छोटा दानपात्र रख रखा है। विभाग के कर्मचारी शुक्रवार दोपहर बाद यहां बड़ा दानपात्र लेकर आए और उसे विश्वेश्वर महादेव मंदिर के बाहर रख दिया। इसे देख पुजारियों ने विरोध दर्ज करवाया। पुजारियों का आरोप है कि ताड़केश्वर महादेव मंदिर पर भी देवस्थान विभाग के कर्मचारी हक जमाने लगे है। उधर, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त से फोन पर बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।