जयपुर
राज्य में ग्रामीण क्षेत्र में जनता जल योजना के तहत लगे हुए करीब सात हजार कर्मचारियों को जलदाय विभाग से झटका लगा है। जलदाय विभाग ने इन कर्मचारियों को पंचायतीराज का बताते हुए पल्ला झाड़ लिया है। विभाग ने सरकार को भेजी अपनी टिप्पणी में यह कहा है कि इन कर्मचारियों को अनुभव के आधार पर बोनस अंक देने के लिए सक्षम स्तर पर बैठक में ही फैसला लिया जा सकता है।
दरअसल, राज्य में 1994 से जनता जल योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पंप ड्राइवर, हेल्पर कार्यरत हैं। करीब 7 हजार कर्मचारी इस योजना के तहत कार्यरत हैं। कर्मचारी नियमति करने की मांग कर रहे हैं। हाल ही में 9 जुलाई को इन्होंने जलभवन पर प्रदर्शन कर नियमित करने की मांग की थी। जनता जल योजना से जुड़े कर्मचारी लगातार यह मांग कर रहे हैं कि चिकित्सा, शिक्षा विभाग की तरह उन्हें भी अनुभव के आधार बोनस अंक दिए जाएं। बोनस अंकों के आधार पर उन्हें नियमित किया जाए। कर्मचारियों ने 15 मई को मंत्रीमंडलीय उप समिति की बैठक में भी ज्ञापन दिया था, जिसके बाद इस संबंध में समिति ने जलदाय विभाग से टिप्पणी मांगी थी। अब विभाग ने सरकार को अपनी टिप्पणी भेजते हुए इस मामले से अपना पल्ला झाड़ लिया है।