
Jantar Mantar Delhi : कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत। फाइल फोटो पत्रिका
Jantar Mantar Delhi : कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक ढंग से आंदोलन कर रहे हैं। सीजेपी ने 24 जुलाई को पूरे देश में आंदोलन करने की अपील की है। इधर राजस्थान में कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने आंदोलनकारी छात्रों की जहां जमकर तारीफ की वहीं मोदी सरकार को चेतावनी भी दी। अशोक गहलोत ने कहाकि जो सरकार अपने ही बच्चों की आवाज लाठियों से दबाना चाहती है, इतिहास गवाह है कि ऐसे अहंकारी सत्ताधीशों को जनता ने कभी माफ नहीं किया।
कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने आज सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर बैठे युवाओं ने पूरे देश को दिखा दिया है कि लोकतंत्र में असहमति कैसे व्यक्त की जाती है। लाठीचार्ज सहा, आंसू गैस झेली, बारिश में रातें गुजारीं, फिर भी शांति और अनुशासन का दामन नहीं छोड़ा। यही गांधी जी के सत्याग्रह की सच्ची परंपरा है।
आंदोलनकारियों की तारीफ करते हुए अशोक गहलोत ने कहा मैंने इस आंदोलन में शामिल कई बेटे-बेटियों के इंटरव्यू देखे। जिस ज्ञान, तथ्यों की गहरी समझ और मर्यादा के साथ ये बच्चे अपनी बात रख रहे हैं, उस पर पूरे देश को गर्व है। ये युवा अराजकता नहीं फैला रहे, अपने भविष्य की रक्षा मांग रहे हैं।
अशोक गहलोत ने आगे कहा कि राहुल गांधी वर्षों से संसद से सड़क तक युवाओं और छात्रों की यही आवाज उठाते रहे हैं, आज पूरे देश का युवा उसी सच्चाई को दोहरा रहा है। मैं इन युवाओं के धैर्य और साहस को सलाम करता हूं। जो सरकार अपने ही बच्चों की आवाज लाठियों से दबाना चाहती है, इतिहास गवाह है कि ऐसे अहंकारी सत्ताधीशों को जनता ने कभी माफ नहीं किया।
अशोक गहलोत ने इस ट्विट से पहले कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी को अहंकार छोड़ कर छात्रों की मांग को सुनना चाहिए तथा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लेना चाहिए। कांग्रेस पार्टी युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है।
मोदी सरकार ने एक बार फिर कॉकरोच जनता पार्टी को बातचीत का न्योता दिया है। इसके साथ ही सरकार ने यह भी बताया कि बुधवार से लेकर गुरुवार तक सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए 4 बार औपचारिक प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है।
सरकार के इस ऐलान के बाद CJP ने बड़ा कदम उठाया है। सीजेपी ने अपने समर्थकों से 24 जुलाई को पूरे देश में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की है। साथ ही इस आंदोलन को दिल्ली से आगे ले जाने की भी अपील की। CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा- आइए, इस आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर का बनाएं। 24 जुलाई को कृपया पूरे देश में, हर शहर और हर गांव में शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित करें।
Updated on:
23 Jul 2026 05:57 pm
Published on:
23 Jul 2026 05:56 pm
