जयपुर। देशी विदेशी पर्यटकों की पसंद बन चुका झालाना लेपर्ड सफारी में एक बार फिर पर्यटकों को लेपर्ड का दीदार हुआ। सफारी के दौरान वॉटर प्वॉइंट पर पानी पीते हुए लेपर्ड दिखाई दिया, जिसे देखकर पर्यटक उत्साहित हो गए और उन्होंने उसे अपने कैमरे में कैद किया।
श्रद्धांजलि सभा आयोजित
हिन्दी साहित्य के प्रख्यात आलोचक प्रो.मैनेजर पाण्डेय के निधन पर राजस्थान विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में बुधवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। श्रद्धांजलि सभा में प्रो.मैनेजर पाण्डेय के आलोचनात्मक योगदान पर चर्चा की गई। विभागाध्यक्ष प्रो. उर्वशी शर्मा ने कहा कि मैनेजर पाण्डेय का लेखन आलोचना में समाजशास्त्रीय पद्धति की स्थापना करता है, ये प्रतिबद्ध विचारों के साथ जनता की भाषा में आलोचना के पक्षधर थे। मैनेजर पाण्डेय के विद्यार्थी डॉ. वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रो. मैनेजर पाण्डेय विद्यार्थियों के लिए सहज उपलब्ध थे लेकिन अकादमिक अनुशासन में दृढ़ आलोचक थे। उन्होंने हिन्दी साहित्य को अनेक आलोचक शिष्य दिए हैं। डॉ. गीता शर्मा ने कहा कि प्रो. मैनेजर पाण्डेय ने समाज का सामूहिक सच कहा है और लोकतंत्र को वे अत्यंत महत्व देते थे। डॉ. रेणु व्यास का कहना था कि प्रो. मैनेजर पाण्डेय ने समाजशास्त्रीय अलोचना की हिन्दी में नींव रखी। दे अपने लेखन के कारण अनंत समय तक याद किए जाएंगे। डॉ.दीपिका विजयवर्गीय ने भी विचार व्यक्त किया। डॉ.विशाल विक्रम सिंह ने सभा का संचालन किया। अंत में दो मिनट का मौन व्यक्त किया गया।