
mayor visit
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 सितम्बर को स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े की शुरूआत की थी। लेकिन छुट्टियों में मशगूल नगर निगम प्रशासन जयपुर में स्वच्छता पखवाड़े का आगाज प्रधानमंत्री की घोषणा के 5 दिन बाद करेगा। चार दिन की छुट्टी के बाद लौटे महापौर अशोक लाहोटी और निगम अधिकारियों ने कल शाम जयपुर को कचरा मुक्त बनाने के लिए अभियान की रूपरेखा तय करने की कवायद शुरू की। 19 सितम्बर से स्वच्छता अभियान शुरू करने की तैयारी है।
महापौर की अध्यक्षता में हुई बैठक में ये तय किया गया कि जयपुर को साफ सुथरा बनाने के लिए 2 अक्टूबर को गांधी जयंति तक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम आयुक्त डाॅ. मोहनलाल यादव, लोकवाहन समिति के चेयरमैन भगवत सिंह देवल, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समितियों के चेयरमैन संजय जांगिड़, सर्वेश लोहिवाल, राजेश गुप्ता, वित्तीय सलाहकार सुरेश गुप्ता, मुख्य अभियंता सुभाषचंद गुप्ता, उपायुक्त स्वास्थ्य विनोद पुरोहित और उपायुक्त गैराज अतुल शर्मा सहित अन्य अधिकारी बैठक में मौजूद रहे। महापौर ने विभिन्न स्वयंसेवी संस्थानों, ट्रस्ट, समितियों, यूनिर्वसिटी, काॅलेज और स्कूलों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने पर अधिकारियों से चर्चा की। नगर निगम स्वच्छता अभियान से जुड़ने वालों के आॅनलाइन रजिस्ट्रेशन करेगा। जयपुर को कचरा मुक्त बनाने के लिए महापौर सहित निगम अधिकारी अब अभियान की रूपरेखा बनाने में जुटे
नगर निगम भूला, भाजपा नेताओं ने लगाया झाडू
भाजपा नेताओं ने बच्चों को सुनाया पीएम का संदेश नगर निगम प्रशासन स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े को भूल गया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की ओर से स्वच्छता पखवाड़े का आगाज कठपुतली नगर से किया गया। भाजपा के सह प्रभारी वी सतीश ने जयपुर में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े की शुरूआत की। कठपुतली नगर में बच्चों को प्रधानमंत्री का भाषण सुनवाया गया। इस दौरान चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष सुमन शर्मा और शहर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय जैन सहित भाजपा नेता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने कठपुतली नगर में झाडू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
Updated on:
18 Sept 2018 10:43 am
Published on:
18 Sept 2018 10:43 am
