बाजरा के गुणों का जमकर होगा बखान, परोसे जाएंगे बाजरे के व्यंजन
राजस्थान के जोधपुर में दो से चार फरवरी तक जी-20 सम्मेलन (जी-20 एंप्लॉयमेंट वर्किंग ग्रुप सम्मेलन) का आयोजन किया जायेगा जिसके लिये तैयारियां परवान पर है। बाजरा से विशेष रूप से तैयार व्यंजन शेरपाओं और प्रतिनिधियों के लिए परोसे जाएंगे। विदेशी मेहमान अपनी सुबह की शुरुआत योग सत्र से करेंगे। ऑस्ट्रेलिया, इटली, जापान और चीन सहित 20 देशों के शेरपा और प्रतिनिधि जोधपुर आएंगे। शहर के हर चौराहे को राजस्थानी संस्कृति और खास थीम से सजाया गया है।
इस बीच, मोटे अनाज यानी बाजरा को प्रोत्साहित करने के लिए शुक्रवार से जी-20 सम्मेलन प्रचार रथ शहर में घूमना शुरू हो गया है। यह रथ दो दिनों तक पूरे शहर में स्थानीय लोगों के मध्य प्रसिद्ध बाजरा एवं अन्य मोटे अनाज के गुणों का बखान करेगा। रथ का उद्देश्य जी—20 के प्रचार के अलावा मिलेट (मोटा) अनाज के फायदों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना है।
बता दें, संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 2023 को बाजरा के अंतर्राष्ट्रीय वर्ष के रूप में घोषित करने के मद्देनजर, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से देश के 20 राज्यों के 30 जिलों में बाजरा महोत्सव की मेजबानी कर रहा है। यह बाजरा के पोषण लाभ, मूल्यवर्धन, खपत और निर्यात क्षमता के बारे में जागरूकता जगाएगा। राजस्थान से जोधपुर और बाड़मेर इनमें शामिल है।