
जयपुर। राजधानी के सेंट्रल पार्क में 85 करोड़ रुपए की लागत से बनी गांधी वाटिका का शनिवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकाअर्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकार्पण किया। लोकार्पण समारोह में देश भर से 200 से अधिक गांधीवादी भी शामिल हुए।
इस दौरान खरगे और राहुल ने वाटिका का अवलोकन किया साथ ही प्रार्थना सभा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गांधी वाटिका के बारे में खरगे और राहुल को अवगत करवाया। इस मौके खरगे ने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की यह पहल सराहनीय है, अन्य राज्यो को भी इसका अनुसरण करना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि महात्मा गांधी को एक व्यक्ति के रूप में न देखकर जीवन जीने के तरीके के रूप में देखना चाहिए। आज की युवा पीढ़ी को महात्मा गांधी के जीवन से डर का सामना करने की सीख लेनी चाहिए।
वाटिका में ये है खास
गांधी वाटिका के भूतल पर अंग्रेजों के भारत आगमन से लेकर महात्मा गांधी के दक्षिण अफ्रीका प्रवास तक के कालखंड को 5 हिस्सों में अंकित किया गया है। वहीं प्रथम तल पर गांधीजी के भारत में अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलनों एवं उनके दर्शन को प्रदर्शित किया गया है।
दूसरे तल पर विशेष पुस्तकालय, सेमिनार हॉल एवं कॉन्फ्रेंस कक्ष निर्मित किए गए हैं। कॉन्फ्रेंस कक्ष को ‘राजस्थान ने पकड़ी गांधी की राह’, ‘गांधी : अपने आइने में मैं’ एवं ‘गांधीजी के सपनों का संसार’ तीन खंडों में बांटा गया है। भवन निर्माण में सादगी एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेष रूप से मिट्टी की दीवारें तैयार की गई हैं। वाटिका में केलू की छत लगाई गई है। साथ ही, वाटिका में 14 हजार पेड़-पौधे लगाए गए हैं। वाटिका में कैफेटेरिया, खुला नाट्य मंच, विमर्श कक्ष जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
Published on:
23 Sept 2023 09:05 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
