4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

किशोर का किया अपहरण, फिरौती में पहले मांगे 30 लाख बाद में बोले 15 ही दे दो

हिंडौन के घने जंगल में पहाड़ी पर जा छिपे, अंधेरे के कारण बचकर भाग छूटे आरोपी
2 min read
Google source verification
jaipur

किशोर का किया अपहरण, फिरौती में पहले मांगे 30 लाख बाद में बोले 15 ही दे दो

देवेन्द्र शर्मा/जयपुर. लूट, डकैती, चोरी और हत्या जैसी वारदातों के बीच अब अपहरण का मामला सामने आया है। कुछ बदमाश सोमवार दोपहर जयपुर के प्रतापनगर से एक किशोर का अपहरण कर ले गए। हिंडौन के घने जंगल में पहाड़ी पर ले जाकर किशोर के पिता से पहले 30 लाख और बाद में 15 लाख की फिरौती मांगी। हालांकि पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किशोर को मुक्त करा लिया लेकिन आरोपी बचकर निकल गए।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त हनुमानप्रसाद ने बताया कि सोमवार रात 11.30 बजे अपहरण की सूचना मिली थी। पवनविहार निवासी बैंक मैनेजर तुलसीराम मीणा का कहना था कि उनके 17 वर्षीय बेटे अंकुर का सोमवार दोपहर अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने 30 लाख रुपए फिरौती मांगी है। इस पर मोबाइल नंबर ट्रेस कर पुलिस टीम रवाना की गई, मंगलवार शाम करीब 6 बजे किशोर को मुक्त करा लिया गया। पुलिस ने बताया कि किशोर को लेकर आरोपी हिंडौन से करीब 15-20 किलोमीटर दूर गौडामीणा गांव के पास घने जंगल में छुपे हुए थे। पुलिस ने पहाड़ी की तलहटी से सर्च ऑपरेशन शुरू किया तो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए।

30 से 15 लाख पर आ गए आरोपी
अपहरण के बाद आरोपियों ने सोमवार शाम 6 बजे किशोर के पिता को फोन कर 30 लाख की फिरौती मांगी। तुलसीराम ने रात को ही दूसरे राज्य में बैंकिंग सेक्टर में जॉब कर रही बेटी को सूचित कर बुलाया। फिर थाने पर सूचना दी। मंगलवार सुबह आरोपियों ने फिर फोन किया और फिरौती मांगी। दोपहर में दोबारा फोन कर फिरौती की रकम 15 लाख कर दी और यह राशि हिंडौन में देने को कहा। इस बीच पुलिस की टीमें लोकेशन ट्रेस कर आरोपियों का पता लगाने में जुटी रही। आरोपी हर बार अपहृत किशोर के फोन से बात कर रहे थे।

शिप्रा पथ इलाके से चुराई थी कार
पुलिस ने बताया, आरोपी घने जंगल में पहाड़ी पर छुपे हुए थे। दोपहर में अंतिम बार फिरौती की मांग करने के बाद उन्होंने फोन बंद कर लिया। अंतिम लोकेशन डांग क्षेत्र में पहाड़ी की आई। वहां मंदिर भी बना हुआ है। पहाड़ी की तलहटी में एक कार खड़ी मिली थी। आरोपियों ने यह कार शिप्रापथ इलाके से चुराई थी व उसी में किशोर को ले गए थे। पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ली है। किशोर वहां पहाड़ी पर मंदिर के पास मिला। आरोपियों ने देसी कट्टे से धमका उसे भी ले जाना चाहा पर नहीं ले जा पाए।

घर के बाहर से किया अपहरण
पीडि़त किशोर आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद भी सदमे में है। उसने पुलिस को बताया कि आरोपियों में से बंटू नामक व्यक्ति को वह जानता था। उसने फोन कर सोमवार दोपहर 2.30 बजे घर के बाहर बुलाया और गाड़ी में बैठाकर ले गए। आरोपियों ने उसे पीटा, देसी कट्टा सिर पर लगाकर धमकाते रहे। लगभग चौबीस घंटे तक वह दहशत के साये में रहा। उसने बताया कि आरोपी कभी 2 तो कभी 4-5 दिखते थे।