18 दिसंबर 2025,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

World Bicycle Day 2023: जानिए दुनिया के 5 ऐसे शहर जहाँ साइकिल है काफी पॉपुलर

World Bicycle Day 2023: 03 जून को वर्ल्ड बाइसिकल डे के रूप में दुनियाभर में जाना जाता है। ऐसे में यह जानना तो बनता है कि दुनिया में कौनसे ऐसे शहर हैं जहाँ साइकिल बहुत लोकप्रिय है।

3 min read
Google source verification

जयपुर

image

Tanay Mishra

Jun 03, 2023

world_bicycle_day.jpg

World Bicycle Day 2023

दुनियाभर में आज का दिन यानी कि 3 जून वर्ल्ड बाइसिकल डे (World Bicycle Day) के रूप में जाना जाता है। भारत में इसे विश्व साइकिल दिवस के नाम से भी जाना जाता है। यूनाइटेड नेशंस जनरल असेम्ब्ली (United Nations General Assembly) ने 2018 में 3 जून को वर्ल्ड बाइसिकल डे के रूप में घोषित किया था। आज जहाँ तेज़ी से दुनियाभर में कारों का क्रेज़ बढ़ रहा है, पहले के मुकाबले बहुत कम ही लोग अभी भी साइकिल का इस्तेमाल करते हैं। पर दुनिया के कई शहर ऐसे भी हैं जहाँ साइकिल्स आज भी काफी पॉपुलर हैं।

दुनिया के 5 ऐसे शहर जहाँ साइकिल बहुत पॉपुलर है


Amsterdam


नीदरलैंड के शहर एम्स्टर्डैम को विश्व की साइकिलिंग राजधानी कहा जाता है। एम्स्टर्डैम में साइकिल को परिवहन के लिए प्राथमिक साधन के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। पिछले साल शहर में साइकिलिंग के बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के लिए एक योजना भी शुरू की गई थी, जिससे साइकिल पथ और लेन का एक बड़ा नेटवर्क जुड़ पाएगा। एम्स्टर्डैम में साइकिल चलाने वालों की सेफ्टी का ध्यान रखने के साथ ही उनकी सुविधा का भी ध्यान रखा जाता है।

साइकिल चलाने वालों की सुविधा बढ़ाने के लिए एम्स्टर्डैम में यातायात व्यवस्था को शांत रखने की कोशिश की जाती है, साइकिल चलाने के अनुकूल यातायात सिग्नल और सुरक्षित पार्किंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इतना ही नहीं, एम्स्टर्डैम में साइकिल चलाने को प्रोत्साहन देने के लिए भी उपाय किए जाते हैं। इनमें साइकिल-शेयरिंग प्रोग्राम, इलेक्ट्रिक साइकिल के लिए सब्सिडी और सेफ साइकिलिंग को बढ़ावा देने वाले शैक्षिक अभियान शामिल है।

Copenhagen


डेनमार्क के शहर कोपेनहेगेन में बारिश हो या धूप, यहाँ के लोग अपने साइकिलिंग कल्चर के लिए जाने जाते हैं जिससे दुनियाभर में साइकिल चलाने के अनुकूल शहरी वातावरण बनाने की प्रेरणा मिलती है। कोपेनहेगेन में साइकिल चलाने को लेकर लोगों की प्रतिबद्धता यहाँ के साइकिल ट्रैक, साइकिल लेन और साइकिल के अनुकूल बुनियादी ढांचे के बड़े नेटवर्क से झलकती है।

एक रिसर्च के अनुसार डेनमार्क की 49% आबादी काम या स्कूल जाने के लिए साइकिल का इस्तेमाल करती है। इसका मतलब है कि कोपेनहेगन के लोग रोज़ अनुमानित 14.4 लाख किलोमीटर साइकिल चलाते हैं।

Utrecht


नीदरलैंड के शहर यूट्रेक्ट अपने शहरी साइकिलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और पहल से एम्स्टर्डैम और कोपेनहेगन को कड़ी टक्कर देता है। यूट्रेक्ट में एक प्रभावशाली साइकिलिंग नेटवर्क है। एक समय था जब यहाँ कारों को प्राथमिकता दी जाती थी पर अब ऐसा नहीं है। अब यूट्रेक्ट की सड़कें साइकिल चलाने वालों के लिए एक बेहतरीन जगह बन चुकी हैं।

यूट्रेक्ट में साइकिल चलाने वालों के लिए सुविधाजनक और सुरक्षित ऑप्शन सुनिश्चित करने के साथ ही साइकिल पार्किंग सुविधाओं को भी बेहतर बनाने पर काम किया गया है। यूट्रेक्ट सेंट्रल स्टेशन पर दुनिया की सबसे बड़ी साइकिल पार्किंग है। आज शहर के परिवहन में साइकिल एक अहम साधन है।

Munster


जर्मनी के शहर म्यूनस्टर में एक रिपोर्ट के अनुसार करीब 5 लाख साइकिल्स हैं। इसका औसत निकाले, तो शहर के हर नागरिक के पास दो साइकिल्स हो सकती हैं। म्यूनस्टर में एक व्यापक और अच्छी तरह से कनेक्टेड साइकिलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर है जो लगभग 700 किलोमीटर लंबा है। इससे लोगों का शहर में साइकिल चलाना आसान और सुविधाजनक बनता है।

म्यूनस्टर में साइकिल के लिए समर्पित रास्तें भी हैं जहाँ साइकिल चलाने वाले ही स्पीड तय करते हैं करते हैं और उन्हें मोटर व्हीकल्स चलाने वालों पर अहमियत मिलती है। म्यूनस्टर में कई तरह के साइकिल पार्क, किराये के स्थान और एक बड़ा डीलर नेटवर्क है, जिससे शहर में साइकिलिंग का बुनियादी ढांचा मजबूत बनता है।

Tokyo


जापान के शहर टोक्यो में परिवहन के लिए साइकिल्स का काफी इस्तेमाल किया जाता है। कई जापानी सार्वजनिक परिवहन के लिए अपने घर से स्टेशन तक साइकिल का ही इस्तेमॉल करते हैं। टोक्यो में लोग आगे टोकरी लगी साइकिल्स का इस्तेमाल करते हैं जिससे सामान भी रखा जा सके।

इस शहर में साइकिलिंग को प्रोत्साहित किया जाता है और अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों को टोक्यो में परिवहन के तौर पर साइकिल चलाते देखा जा सकता है।