26 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

देवली में बस स्टैंड व उप जिला अस्पताल के लिए भूमि चिन्हीकरण प्रक्रिया तेज

जयपुर

image

Newsdesk

Jul 26, 2026

Rajasthan

कलक्टर ने बनाई छह सदस्यीय समिति, देगी अपनी रिपोर्ट

देवली. राज्य सरकार की बजट घोषणा वर्ष 2026-27 की क्रियान्विति के तहत देवली में नए रोडवेज बस स्टैंड और उप जिला अस्पताल भवन के निर्माण की दिशा में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिला कलक्टर टीना डाबी ने दोनों परियोजनाओं के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के उद्देश्य से छह सदस्यीय संयुक्त समिति का गठन किया है।

जारी आदेश के अनुसार समिति को बस स्टैंड और उप जिला अस्पताल के नवीन भवन के लिए उपयुक्त भूमि का चिन्हीकरण कर तीन दिन के भीतर अपनी तथ्यात्मक रिपोर्ट जिला कलक्टर को सौंपनी होगी।

समिति में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी टोंक, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, उप जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी, पंचायत समिति के विकास अधिकारी, तहसीलदार तथा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को सदस्य बनाया गया है।

संभावित स्थलों का किया निरीक्षण

शुक्रवार को नगर पालिका अधिशासी अधिकारी अमरचंद गुर्जर, देवली तहसीलदार विनोद अग्रवाल, पंचायत समिति विकास अधिकारी बलराम मीणा, उप जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविराज सिंह, तहसीलदार भोपाल सिंह मीणा तथा सहायक प्रशासनिक अधिकारी मेहमूद अली सहित अन्य अधिकारियों ने संभावित स्थलों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने वर्तमान बस स्टैंड परिसर का निरीक्षण कर दोनों निकास द्वारों की चौड़ाई तथा परिवहन निगम की आवश्यकता के अनुसार उपलब्ध भूमि का आकलन किया। रोडवेज प्रशासन ने 60 फीट चौड़ी एप्रोच रोड और पर्याप्त परिसर के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता बताई, जिस पर अधिकारियों ने मंथन किया।

इसके अलावा टीम ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर, पेट्रोल पंप चौराहे स्थित डाक बंगला, एजेंसी एरिया का जयपुर हाउस, वर्तमान उप जिला अस्पताल परिसर तथा जयपुर-अजमेर रोड के मध्य पूर्व में आवंटित उप जिला अस्पताल की भूमि का भी निरीक्षण किया।

बताया गया कि शहर के बस स्टैंड के लिए बजट में ₹2 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं करीब ₹35 करोड़ लागत के उप जिला अस्पताल भवन का पूर्व में जारी टेंडर अपरिहार्य कारणों से निरस्त हो गया था। अब समिति सोमवार को पुनः बैठक कर दोनों परियोजनाओं के लिए उपयुक्त भूमि पर अंतिम मंथन करेगी और अपनी रिपोर्ट जिला कलक्टर को भेजेगी।

देवली. निरीक्षण करती टीम।