
जयपुर। मदन लाल सैनी ( Madan Lal Saini ) के देहांत के बाद से BJP बिना प्रदेशाध्यक्ष के है। भाजपा में यह पहला मौका है, जब नए प्रदेशाध्यक्ष ( Rajasthan BJP New President ) को लेकर न तो कोई दावेदारी सामने आ रही है और न ही इस पद को लेकर कहीं कोई प्रयास दिख रहे हैं। सैनी के निधन के 38 दिन बाद भी भाजपा प्रदेश नेतृत्व का चेहरा नहीं तलाश पाई है।
दो लोकसभा क्षेत्र तथा एक विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव में हार के बाद 16 अप्रेल, 2018 को अशोक परनामी ने प्रदेशाध्यक्ष पद से त्यागपत्र दिया था, तब भी तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तथा केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व डॉ. अर्जुनराम मेघवाल के बीच चली खींचतान के चलते प्रदेशाध्यक्ष तय करने में 74 दिन लग गए थे।
भाजपा का राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान राजस्थान में बिना प्रदेशाध्यक्ष के भी सुचारू रूप से चल रहा है। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी को सदस्यता अभियान का राष्ट्रीय सह संयोजक बनाया गया। विधायक डॉ. सतीश पूनिया को सदस्यता अभियान की प्रदेश की कमान सौंपी गई। अभियान संबंधी बैठकें भी नियमित हो रही हैं, लेकिन प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आने-जाने वालों की संख्या गिनी-चुनी ही रह गई है।
विधानसभा चुनाव में हार के बाद भाजपा राजस्थान में लोकसभा चुनाव में प्रदेश की वर्ष 2014 की ऐतिहासिक जीत को दोहराने में कामयाब रही। हालांकि लोकसभा चुनाव में जीत का श्रेय मोदी के करिश्माई नेतृत्व को दिया गया, लेकिन इस जीत के संदर्भ में विधानसभा चुनाव में हार के लिए वसुंधरा राजे के चेहरे को जिम्मेदार मान लिया। अब सामने पंचायत चुनाव है तो प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस के मुकाबले के लिए प्रदेशाध्यक्ष के रूप में सशक्त नेतृत्व की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
ये रहे हैं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष
जगदीश प्रसाद माथुर---10 अप्रेल, 1980 से 1981
हरिशंकर भाभड़ा------1981 से जनवरी, 1986
भंवरलाल शर्मा ------जनवरी, 1986 से 1988
ललित किशोर चतुर्वेदी--दिसंबर, 1988 से जुलाई 1989
भंवरलाल शर्मा------ जुलाई, 1989 से मार्च, 1990
रामदास अग्रवाल ------मार्च, 1990 से 18 दिसंबर, 1997
रघुवीर सिंह कौशल----18 दिसंबर, 1997 से 26 मई, 1999
गुलाबचंद कटारिया-----26 मई, 1999 से 17 जून, 2000
भंवर लाल शर्मा -----17 जून, 2000 से 14 नवंबर, 2002
वसुंधरा राजे------ 14 नवंबर, 2002 से 14 दिसंबर, 2003
ललित किशोर चतुर्वेदी---14 दिसंबर, 2003 से 7 फरवरी, 2006
डॉ. महेशचंद शर्मा --7 फरवरी, 2006 से 7 जनवरी, 2008
ओमप्रकाश माथुर --7 जनवरी, 2008 से 13 जुलाई, 2009
अरुण चतुर्वेदी-----13 जुलाई, 2009 से 2 फरवरी, 2013
वसुंधरा राजे------2 फरवरी, 2013 से 12 फरवरी, 2014
अशोक परनामी ----12 फरवरी, 2014 नियुक्त से 6 मार्च 14 को पद ग्रहण
अशोक परनामी ----15 दिसंबर, 2015 से 16 अप्रेल, 2018
मदन लाल सैनी— 30 जून 2018 से 24 जून 2019
Updated on:
02 Aug 2019 09:48 am
Published on:
02 Aug 2019 09:44 am

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
