
नींबू फिर पहुंचा 200 रुपए किलो, गर्मी शुरू होते ही महंगी होने लगी सब्जियां
गर्मी की शुरूआत होते ही नींबू के दाम आसमान पर पहुंच गए हैं। थोक बाजार में नींबू के दाम 150 रुपए प्रति किलो के पास पहुंच गए हैं, जबकि खुदरा व्यापारी इसे 180 से 190 रुपए प्रति किलो के दाम पर बेच रहे हैं। नींबू के दामों में इस तेजी ने लोगों की शिकंजी का मजा बिगाड़ दिया है। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि इस समय नींबू की बाजार में आवक कम है और गर्मी शुरू होते ही मांग भी बढ़ जाती है। इसीलिए नींबू महंगा होना शुरू हो गया है।
गर्मी शुरू होते ही बढ़ जाती है मांग
सब्जी कारोबारी महेश का कहना है कि इस समय गर्मी शुरू होते ही नींबू की मांग बढ़ जाती है। डिमांड ज्यादा हो जाती है, लेकिन उस हिसाब से उसकी आपूर्ति बाजार में नहीं हो पाती, इसीलिए नींबू के दाम आसमान पर पहुंच जाते हैं। अभी फिलहाल नींबू के दाम 180 रुपए प्रति किलो के आसपास चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस समय पेड़ों पर भी नींबू सूख जाते हैं। सही तरीके से पानी ना मिलने और गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने के कारण उनकी पैदावार भी कम हो रही है। इसीलिए नींबू की आपूर्ति में कमी आ जाती है। फिलहाल यह उम्मीद की जा रही है कि आने वाले कुछ दिनों तक नींबू और अन्य सब्जियों के दाम भी इसी तरह बने रहेंगे, लेकिन जल्द ही इसे कंट्रोल करने का प्रयास किया जा रहा है फिर भी आम आदमी की पहुंच से नींबू और कुछ अन्य सब्जियां दूर होती जा रही हैं।
अचानक बढ़ी गर्मी से नींबू के तेवर हुए तीखे
मुहाना सब्जी मंडी के अध्यक्ष राहुल तंवर के अनुसार इस बार मार्च की शुरुआत में ही उत्तर भारत में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। मार्च के पहले पखवाड़े में ही नींबू में फूल आते है, लेकिन तापमान अचानक बढ़ जाने से पेड़ों में फल नहीं आए। नतीजा नींबू के पेड़ तो हैं पर उन पर फल नहीं आए और नींबू की किल्लत शुरू हो गई है। नींबू की फसल हर तीन महीने में आती है। इसलिए फिलहाल एक-डेढ़ माह तो नींबू की इस महंगाई से निजात मिलने के आसार नहीं हैं। मुहाना मंडी में नींबू की आवक 80 से 100 टन है, जबकि औसत आवक 150 से 200 टन रहती है। इसलिए आवक कम होने और मांग अधिक होने से नींबू के दामों में भारी तेजी बनी हुई है।
Updated on:
18 Mar 2023, 9:36 AM IST
Published on:
18 Mar 2023, 9:36 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.