
youth campaign: जयपुर. युवाओं को रचनात्मक मंच प्रदान करने और उन्हें ग्रामीण विकास से जोड़ने के उद्देश्य से केन्द्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे “विकसित भारत-जी राम जी यूथ डिजिटल कैंपेन” में भाग लेने की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया गया है। अब 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इन प्रतियोगिताओं में अधिक समय के साथ भाग ले सकेंगे।
पहले “60 सेकंड्स फॉर माय विलेज” राष्ट्रीय वीडियो/रील चैलेंज की अंतिम तिथि 21 मार्च और वीबी-जी राम जी एक्ट क्विज प्रतियोगिता की अंतिम तिथि 23 मार्च निर्धारित थी, जिसे अब 15 दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। इस निर्णय का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
यह अभियान माय भारत पोर्टल के माध्यम से देशभर में संचालित किया जा रहा है। ग्रामीण विकास विभाग की शासन सचिव एवं ईजीएस आयुक्त पुष्पा सत्यानी के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को विकास, रोजगार और आजीविका से जोड़ना है, ताकि वे अपने गांव के उत्थान में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
इस अभियान के तहत एक विशेष आकर्षण “वीबी-जी राम जी लोगो डिजाइन प्रतियोगिता” भी है। इसमें चयनित सर्वश्रेष्ठ डिजाइन को आधिकारिक लोगो के रूप में अपनाया जाएगा और विजेता को केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से ₹50 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा। यह युवाओं के लिए अपनी रचनात्मकता दिखाने का बड़ा अवसर है।
वहीं, “माय विलेज चैलेंज” के अंतर्गत प्रतिभागी 30 से 60 सेकंड का वीडियो बनाकर अपने गांव के विकास, रोजगार सृजन और आजीविका के अवसरों को दर्शा सकते हैं। वीडियो किसी भी भारतीय भाषा में तैयार किया जा सकता है और उसका आकार 25 एमबी तक होना चाहिए। चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करने का मौका भी मिलेगा।
यह अभियान न केवल युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ रहा है, बल्कि उन्हें अपने गांव की प्रगति में योगदान देने के लिए भी प्रेरित कर रहा है। ऐसे में यह प्रतियोगिता युवाओं के लिए सीखने, दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतरीन अवसर साबित हो रही है।
Updated on:
20 Mar 2026 02:05 pm
Published on:
20 Mar 2026 02:02 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
