20 दिसंबर 2025,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Lunar Eclipse 2023: साल में पहली बार आधी रात तक धुंधला नजर आएगा चांद, इन राशियों के लिए रहेगा अशुभ

Lunar Eclipse 2023: वैशाख पूर्णिमा पर 5 मई को साल का पहला चन्द्रग्रहण होगा। यह रात 8 बजकर 44 मिनट से मध्यरात्रि एक बजकर 2 मिनट तक ग्रहण होता हुआ नजर आएगा। इस बीच करीब आधी रात बाद तक चन्द्रमा धुंधला नजर आएगा।

2 min read
Google source verification
chandra_grahan_2023_1.jpg

Lunar Eclipse 2023: वैशाख पूर्णिमा पर 5 मई को साल का पहला चन्द्रग्रहण होगा। यह रात 8 बजकर 44 मिनट से मध्यरात्रि एक बजकर 2 मिनट तक ग्रहण होता हुआ नजर आएगा। इस बीच करीब आधी रात बाद तक चन्द्रमा धुंधला नजर आएगा। यह मांद्य (उपच्छायी) चन्द्रग्रहण होगा। हालांकि भारत में इसका असर नहीं होगा, यह सिर्फ खगोलीय घटना मात्र रहेगी। भारत में इसका सूतक भी नहीं लगेगा। हालांकि चंद्रग्रहण मंगल व बुध के राशि परिवर्तन योग के बीच होने जा रहा है। ऐसे में कई राशियों पर इसका प्रभाव नजर आएगा।

ज्योतिषाचार्य पं. चन्द्रशेखर शर्मा ने बताया कि वैशाख शुक्ल पूर्णिमा पर मांद्य (उपच्छायी) चन्द्रग्रहण होगा। ग्रहण के दौरान भारत में चन्द्रमा धुंधला होता दिखाई देगा। शास्त्रों में ऐसे ग्रहण की विवेचना करना आवश्यक नहीं है। अतः इसके सूतक आदि मान्य नहीं होंगे। इसके निमित्त कोई दान-पुण्य भी आवश्यक नहीं है। यह चन्द्रमा की एक खगोलीय घटना मात्र है।

यह भी पढ़ें : साल का पहला उपच्छाया चंद्र ग्रहण 5 मई को, जानिए क्या होगा असर

ज्योतिषाचार्य डा. अनीष व्यास ने बताया कि जब पृथ्वी चंद्रमा और सूर्य के बीच में आ जाती है, तो चंद्रग्रहण होता है। साल 2023 का पहला चंद्र ग्रहण 5 मई को होगा। यह चंद्र ग्रहण उपच्छाया चंद्र ग्रहण होगा। यानी चंद्रमा पर पड़ने वाली पृथ्वी की छाया की भी एक और छाया होने से यह धुंधला नजर आएगा। इसलिए इसका धार्मिक महत्व नहीं रहेगा।

चन्द्रग्रहण यहां आएगा नजर
सम्पूर्ण एशिया महाद्वीप, अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, हिन्द महासागर, यूरोप, अंटार्कटिका, प्रशांत, अटलांटिक आदि में चन्द्रग्रहण होगा।

क्या होता है उपच्छाया चंद्र ग्रहण
ज्योतिषाचार्य अनीष व्यास ने बताया कि जब चंद्रमा पर पृथ्वी की छाया सिर्फ एक तरफ से होती है तो उपच्छाया चंद्र ग्रहण होता है। चंद्रमा पर पृथ्वी की छाया न पड़कर उपच्छाया मात्र पड़ती है यानी धुंधलवी सी छाया पड़ती हैं। इस अवस्था में चंद्र ग्रहण अपने पूर्ण आकार में ही नजर आता है, बस थोड़ा सा धुंधला नजर आता है।

इन पर दिखेगा प्रतिकूल प्रभाव
ज्योतिषाचार्य शालिनी सालेचा ने बताया कि साल का पहला चंद्रग्रहण मंगल व बुध के राशि परिवर्तन योग के बीच होने जा रहा है। चंद्रग्रहण के दौरान चंद्रमा तुला राशि में होंगे, इसलिए चंद्रग्रहण का सबसे अधिक प्रभाव प्रतिकूल रूप में तुला और मेष राशि पर देखा जाएगा। इनके अलावा यह चंद्र ग्रहण वृश्चिक, वृष, कर्क और कन्या राशि वालों के लिए अच्छा फलदायी नहीं रहेगा।

इन राशियों के लिए रहेगा शुभ
मिथुन, सिंह, धनु, मकर, कुंभ और मीन राशि के लिए चंद्रग्रहण शुभ फलदायी रहेगा। मिथुन राशि के जातकों को चंद्र ग्रहण के बाद लाभ का अवसर मिलेगा। मीन राशि के जातकों को धन का लाभ मिलेगा।