22 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

शिवमय हुई छोटी काशी शिवालयों में गूंज रहा हर हर महादेव

महाशिवरात्रि का पर्व आज सर्वार्थ सिद्धि योग, अमृत योग, शिवयोग और श्रवण नक्षत्र के संयोग में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। अलसुबह से ही शिव मंदिरों में भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Devendra Singh

•

Updated: 8 Mar 2024, 2:53 PM IST

tadkeshwar_2.jpg

ताडक़ेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्धालु।

जयपुर. राजधानी जयपुर समेत प्रदेशभर में महाशिवरात्रि का पर्व आज सर्वार्थ सिद्धि योग, अमृत योग, शिवयोग और श्रवण नक्षत्र के संयोग में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। अलसुबह से ही शिव मंदिरों में भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने जल, दूध से भगवान शिव का अभिषेक कर चंदन, बिल्वपत्र, गाजर-बेर, धूप-दीप, नैवेद्य, आंक-धतुरा, भांग आदि से पूजा अर्चना कर घर-पररिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। इस दौरान माहौल में हर-हर महादेव का उद्घोष गूंजता रहा। शहर के शिव मंदिरों में रात्रि में शिव परिवार का शृंगार कर मनमोहक झांकियां सजाई जाएगी। वही कई जगहों पर रात में भोले की बारात निकाली जाएगी।


लगी लंबी कतारे
शहर के चौड़ा रास्ता स्थित ताडक़ेश्वर महादेव, बनीपार्क स्थित जंगलेश्वर महादेव, क्वींस रोड स्थित झाडख़ंड महादेव, झोटवाड़ा रोड स्थित चमत्कारेश्वर महादेव, बनीपार्क के जंगलेश्वर महादेव, छोटी चौपड़ स्थित रोजगारेश्वर महादेव, रामगंज के ओंडा महादेव, विद्याधर नगर के भूतेश्वर महादेव सहित अन्य बड़े मंदिरों में अलसुबह से भगवान शिव की पूजा के लिए श्रद्धालुओं की रैला उमडऩा शुरू हो गया था। हाथों में पूजा सामग्री और जुबान पर शिव नाम लिए श्रद्धालु कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। शिवरात्रि पर्व पर भगवान शिव का आशीर्वाद पाने के लिए श्रद्धालु गन्ने का रस, दूध व जल, शहद से अभिषेक कर रहे हैं।


इन मंदिरों में भी आयोजन
सिटी पैलेस स्थित राज राजेश्वर शिव मंदिर में भी भक्तों की लम्बी कतारे देखने को मिली। दिल्ली रोड स्थित सदाशिव ज्योर्तिलिंगेश्वर मंदिर में हरिद्वार से मंगवाए गंगाजल से अभिषेक किया गया। देवस्थान विभाग के चांदनी चौक स्थित प्रतापेश्वर महादेव मंदिर, हल्दियों का रास्ता स्थित जगतेश्वर महादेव मंदिर में भी विशेष आयोजन हुए।


गलता में सजा शिव दरबार
उत्तर भारत की प्रमुख वैष्णव पीठ श्री गलताजी में महाशिवरात्रि पर्व मनाया जा रहा है। पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशाचार्य के सान्निध्य में यज्ञ, अनुष्ठान, सहस्त्रघट अभिषेक होंगे। इसमें बड़ी संख्या में सिंधी समाज के पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। युवराज स्वामी राघवेन्द्र ने बताया कि जीवनदास रावतानी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से महाशिवरात्रि पर गलता तीर्थ में पहाड़ियों के बीच अलौकिक शिव दरबार सजाया गया है। देर शाम तक चलने वाले समारोह में भक्ति संगीत कार्यक्रम भी होगा।


नहीं खुला एकलिंगेश्वर महादेव मंदिर
सालभर में एक बार शिवरात्रि के दिन खुलने वाला मोती डूंगरी स्थित एकलिंगेश्वर महादेव मंदिर लगातार चौथे साल भी आम दर्शनार्थियों के लिए बंद रहा। इसके कारण हजारों शिवभक्तों को भारी निराशा का सामना करना पड़ा। दर्शन की आस में पहुंचे भक्तों को नीचे से ही धोक लगा कर लौटना पड़ा।