9 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan News : ‘अति व्यस्त’ चुनावी दौरे के बीच इस शख्स से मिलने अस्पताल क्यों पहुंचे खरगे-गहलोत?

Rajasthan Assembly Election 2023 : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एक बार फिर राजस्थान में चुनावी दौरे के सिलसिले में पहुंचे। लेकिन जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचने के फ़ौरन बाद वे सीधे एसएमएस अस्पताल पहुंचे। इस दौरान सीएम अशोक गहलोत भी उनके साथ रहे।
3 min read
Google source verification
Mallikarjun Kharge CM Ashok Gehlot met AEN Harshadhipati in Jaipur

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज जयपुर पहुंचते ही सबसे पहले एसएमएस अस्पताल पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी साथ रहे। इन दोनों नेताओं ने यहां कॉटेज वार्ड में लम्बे समय से भर्ती जयपुर डिस्कॉम के एईएन हर्षाधिपति से मुलाक़ात की। इस दौरान खरगे-गहलोत ने ना सिर्फ घायल हर्षाधिपति के हाल ही जाने बल्कि डॉक्टर्स और परिजनों से उनके स्वास्थ्य को लेकर ताज़ा अपडेट भी ली।


गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी से ही विधायक रहे गिर्राज मलिंगा और उनके सहयोगियों पर एईएन हर्षाधिपति से ऑन ड्यूटी बुरी तरह से मारपीट करने के आरोप हैं। इस सिलसिले में मलिंगा और अन्य पर पुलिस एफआईआर भी दर्ज हुई। इधर मारपीट से घायल हर्षाधिपति की शरीर की कई हड्डियां टूटने के बाद उन्हें एसएमएस अस्पताल भर्ती करवाया गया था। घटना को कई महीने बीतने के बाद भी हर्षाधिपति आज भी अस्पताल में भी भर्ती है। उधर आरोपी विधायक गिरिराज मलिंगा पिछले दिनों कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए और उन्हें हाथों-हाथ बाड़ी विधानसभा सीट से प्रत्याशी भी बना दिया गया।


जिसे हमने निकाला, भाजपा ने उसे टिकट दिया: खरगे
घायल एईएन से मिलने के बाद खरगे और सीएम गहलोत मीडिया से रु-ब-रु हुए। खरगे ने हर्षाधिपति से हुई मारपीट को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि हर्षाधिपति के शरीर की हर हड्डी के टुकड़े-टुकड़े हो गए हैं। इस आरोप में जिस व्यक्ति को हमने निकाला, भाजपा ने उसी को टिकट दे दिया। हमने हमला करने वाले को टिकट नहीं देने का फैसला पहले ही कर लिया था। हमारे मुख्यमंत्री ने घायल हर्षाधिपति का पूरा ख्याल रखा और उनके परिजनों से मिलकर उनको ढांढस बंधाया और मदद की। भाजपा एक तरफ कहती है कि हम गरीबों के साथ हैं, लेकिन ऐसे लोगों को भाजपा द्वारा टिकट दिया जाना बेहद शर्मनाक है।


घटना की जितनी निंदा हो कम है: गहलोत
सीएम गहलोत ने भी कहा कि इस घटना की जितनी निंदा की जाए वो कम है। ऐसा करने वालों को हमने टिकट नहीं देने का निर्णय लिया था जबकि भाजपा ने टिकट देकर उनको गले लगा लिया। इससे घिनौना क्या काम हो सकता है? आज परिवार करीब डेढ़ साल से भुगत रहा है, सोचिये क्या बीत रही होगी उनपर?


सीएम गहलोत ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने घायल हर्षाधिपति से मिलने की इच्छा जताई थी, इसलिए सीधे यहां पहुंचे। सीएम ने कहा कि ये सुखद बात रही कि हमले में हर्षाधिपति बच गया, लेकिन दुर्भाग्य है कि भाजपा ने आरोपी को टिकट देकर गले लगाया और काला अध्याय लिखा।

'हम न्याय दिलाकर रहेंगे'
सीएम अशोक गहलोत ने एक ट्वीट प्रतिक्रिया में भी कहा कि आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ अस्पताल में मिलकर हर्षाधिपति वाल्मीकि के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इंजीनियर हर्षाधिपति वाल्मीकि को हम न्याय दिलाकर रहेंगे।

भाजपा गए मलिंगा, तो आगे खिसकी फ़ाइल
विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा के खिलाफ एईएन हर्षाधिपति पर हमले के मामले में सीआईडी लगभग दो महीने पहले ही जांच पूरी कर चुकी थी। आरोप साबित मानते हुए सितम्बर मेे ही चालान के आदेश भी दे दिए थे, लेकिन फाइल कोर्ट नहीं पहुंची। पर जैसे ही मलिंगा ने 5 नवंबर को भाजपा का दामन थामा, पुलिस ने दो दिन बाद ही 8 नवंबर को उनके खिलाफ चालान पेश कर दिया। सामने आया है कि चालान की यह कार्रवाई मलिंगा के गिरफ्तार होने के बाद करीब 18 माह से लंबित थी। अभी पांच छह और आरोपियों के खिलाफ जांच होना बाकी है।


पिछले साल की है घटना
हमले में घायल हर्षाधिपति आज भी अस्पताल में भर्ती हैं। उनपर हमला पिछले साल 29 मार्च 2022 को हुआ था। हर्षाधिपति ने मलिंगा व उनके समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा को मई 2022 में गिरफ्तार किया था। मामले की जांच उसी समय से सीआईडी में चल रही थी। समय पर चालान पेश नहीं हुआ तो घायल एईएन ने हाईकोर्ट में याचिका पेश की। मलिंगा के खिलाफ चालान पेश करने में देरी पर सितम्बर माह में हाईकोर्ट ने नाराजगी जाहिर की और राज्य सरकार से नतीजा पेश करने को कहा था। मामला हाईकोर्ट पहुंचते ही सीआईडी ने आरोप प्रमाणित मानते हुए चालान के लिए सितम्बर में ही फाइल धौलपुर पुलिस को भेज दी थी।


हाईकोर्ट में सरकार ने कहा था, तैयार है चार्जशीट
इस बीच 4 नवम्बर को मामले में फिर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। न्यायालय में हर्षाधिपति की ओर से मलिंगा की जमानत रद्द करने का आग्रह किया गया। उसकी ओर से कहा गया कि हमला इतना गम्भीर था कि वह आज भी खड़ा होने में असमर्थ है। सुनवाई के दौरान सरकार ने कहा कि मलिंगा के मामले में चार्जशीट तैयार है, इसे परीक्षण के बाद जल्द ही कोर्ट में पेश कर दिया जाएगा। राजकीय अधिवक्ता ने कहा कि मलिंगा के खिलाफ भी चार्जशीट तैयार हो चुकी है, इसे मंजूरी मिलते ही पेश कर दिया जाएगा। जबकि फाइल पर चालान आदेश सितम्बर माह में ही हो चुके थे।