ग्रेटर नगर निगम महापौर का पदभार ग्रहण करने के बाद सौम्या गुर्जर एक बार फिर एक्टिव मोड पर नजर आ रही हैं। इंदौर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के बाद सौम्या गुर्जर ने खुद के घर यानी नगर निगम मुख्यालय को चमकाने की कवायद शुरू की है।
गुर्जर ने सोमवार को निगम मुख्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान वह आयुक्त यज्ञ मित्र सिंह देव के कक्ष में भी गई। हालांकि जिस समय महापौर कमरे में थी, आयुक्त वहां मौजूद नहीं थे। महापौर की आयुक्त के कमरे में अचानक एंट्री को लेकर निगम में चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है। गुर्जर निगम ने निगम मुख्यालय में बायोमीट्रिक मशीन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कई कमरों का निरीक्षण किया और गंदगी मिलने पर कहा कि नियमित सफाई की जाए। उन्होंने निगम परिसर में जगह—जगह पोस्टर लगाने की बजाय किसी एक जगह पोस्टर लगाने के निर्देश दिए।
शिकायतकर्ताओं को फोन कर लिया फीडबैक
महापौर शिकायत केंद्र पर भी पहुंची। यहां उन्होंने कुछ लोगों को फोन करके फीडबैक लिया और कहा कि अगर शिकायत का निस्तारण नहीं होता है तो आप महापौर व उप महापौर के नंबर पर फोन करके बताएं। महापौर के औचक निरीक्षण से कर्मचारियों में खलबली मच गई।