
डेटा स्टोरी............. करौली. जिले में मानसून अब धीरे-धीरे रफ्तार पकडऩे लगा है। पिछले दो दिनों में हुई झमाझम बारिश ने जहां किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है, वहीं जिले के सबसे बड़े पांचना बांध में भी पानी की आवक शुरू हो गई है। बारिश के बाद बुधवार सुबह बांध का जलस्तर बढकऱ 254.35 मीटर दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह 254.30 मीटर था। यानी पांच सेंटीमीटर पानी की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि पांचना बांध की कुल भराव क्षमता 258.62 मीटर है और 15 जून को मानसून की शुरुआत के समय इसका जलस्तर 254.85 मीटर था। दरअसल जुलाई माह में करीब 20 वर्ष बाद पांचना बांध के कमांड क्षेत्र की नहरों, गंभीर नदी तथा पुरानी गुड़ला-पांचना लिफ्ट परियोजना में टेस्टिंग के तौर पर पानी छोड़ा गया था। इस कारण बांध का जलस्तर कुछ कम हो गया था, लेकिन हाल की बारिश ने एक बार फिर बांध में नई उम्मीद जगाई है। जल संसाधन विभाग को अब आगामी दिनों में अच्छी बारिश के साथ जलस्तर में और बढ़ोतरी की उम्मीद है।
इधर, सपोटरा क्षेत्र स्थित कालीसिल बांध में भी बारिश के कारण पानी की आवक दर्ज की गई है। कुल 25 फीट के इस बांध का जलस्तर एक दिन पहले 16.90 फीट था, जो बुधवार सुबह 17.19 फीट पर पहुंच गया है। हालांकि अभी जिले के सभी बांधों को अच्छी बारिश का इंतजार है। जिले में जल संसाधन विभाग के अधीन कुल 13 बांध हैं, जिनमें अधिकांश में पर्याप्त जलभराव नहीं हो पाया है।
सोमवार और मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश हुई। कई स्थानों पर खेतों में पानी भर गया, जबकि कुछ ग्रामीण मार्गों पर जलभराव की स्थिति भी बनी। बारिश किसानों के लिए किसी राहत से कम नहीं रही। जिन क्षेत्रों में खरीफ फसलों की बुवाई बारिश के अभाव में रुकी हुई थी, वहां अब बुवाई कार्य ने गति पकड़ ली है। वहीं पहले से बोई गई फसलों को भी बारिश से नया जीवन मिला है। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और उमसभरी गर्मी से परेशान लोगों को भी राहत मिली है। मौसम में आई ठंडक के कारण जनजीवन सामान्य होने लगा है।
अब तक 130.5 एमएम बारिश
जिले में इस मानसून सत्र के दौरान अब तक 130.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जबकि जिले की औसत वर्षा 686 मिलीमीटर है। यानी अभी सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। हालांकि मानसून का लंबा दौर अभी शेष है और मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में किसानों के साथ-साथ जल संसाधन विभाग की निगाहें भी अब आसमान पर टिकी हैं, ताकि बांध, तालाब और जलाशय भर सकें।
करौली में सर्वाधिक, कालीसिल तरसा
इस बार करौली क्षेत्र में अब तक सर्वाधिक बारिश दर्ज हुई है। जल संसाधन विभाग के अनुसार करौली में 231 एमएम बारिश हो चुकी है, जबकि बीते वर्षों तक बारिश के आंकड़ों में अव्वल रहने वाला सपोटरा क्षेत्र इस बार पिछड़ा हुआ है। कालीसिल बांध क्षेत्र में महज 34 एमएम बारिश हुई, जबकि सपोटरा क्षेत्र में भी केवल 76 एमएम बारिश दर्ज हो सकी है।
जिले में अब तक बारिश का आंकड़ा (एमएम) रेनगेज स्टेशन बारिश
करौली 231 हिण्डौनसिटी 85
टोडाभीम 148
सपोटरा 76
मण्डरायल 141
नादौती 113 श्रीमहावीरजी 223
पांचना बांध 129
जगर बांध 125
कालीसिल बांध 34
-
करौली के समीप स्थित पांचना बांध।
Updated on:
23 Jul 2026 06:01 am
Published on:
23 Jul 2026 06:01 am
