देश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर राजधानी जयपुर समेत पूरे राजस्थान के मौसम में देखने को मिला। इससे तापमान में गिरावट के साथ ही मौसम ठंडा नजर आया।
जयपुर। देश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर राजधानी जयपुर समेत पूरे राजस्थान के मौसम में देखने को मिला। इससे तापमान में गिरावट के साथ ही मौसम ठंडा नजर आया। रात का पारा कई शहरों में 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। बीते दिन सीकर, श्रीगंगानगर, चूरू, बीकानेर, जयपुर, श्रीमाधोपुर सहित अन्य जगहों पर बारिश के साथ ही ओलावृष्टि भी हुई।शेखावटी अंचल समेत जयपुर में ठंड का असर बढ़ने लगा है। वहीं लोग ऊनी कपड़े पहनकर घरों से बाहर निकले। बुधवार को भी छह से अधिक जिलों में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। वहीं कल से मौसम शुष्क रहेगा, इससे तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट होगी।
फसलों के लिए वरदान बारिश
सीकर के श्रीमाधोपुर में भी मौसम का मिजाज बदला। हवा के साथ तेज बारिश के साथ ही तापमान में गिरावट हुई, साथ ही ओलावृष्टि हुई। यह बारिश रबी की फसलों के लिए वरदान साबित होगी। मौसम विभाग के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिर्स्टबेंस) के चलते मौसम में बदलाव के साथ रात के तापमान में अगले सप्ताह तक डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।जयपुर में बुधवार देर रात में मौसम ने करवट ले ली है। झालाना डूंगरी, जेएलएन मार्ग, मालवीय नगर और टोंक रोड पर बारिश के चलते सर्दी बढ़ी है। जयपुर में बीते दिन दोपहर में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस था, जो शाम को 17 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शहर में 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। जयपुर के चौमूं के आस-पास और ढोढसर में ओले गिरे।मालवीय नगर अंडरपास में पानी भरने से जान जोखिम में डालकर वाहन चालक निकले।