
जयपुर में बवाल मचने पर सांसद मंजू शर्मा
राजधानी जयपुर के जौहरी बाजार में शनिवार को हंगामा मचने के बाद जयपुर सांसद मंजू शर्मा मौके पर पहुंची। जहां उन्होंने परकोटे में कानून व्यवस्था के हालात जाने और पुलिस को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। सांसद ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 'शहर में शांति बनी हुई है। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद बना हुआ है। जयपुर में अमन चैन बनाए रखने के लिए जिसको जयपुर शहर में रहना है वो यहां रहे और नहीं रहना तो जहां उनको शांति मिलती है वहां जाए। यहां रहेंगे तो शांति से रहना पड़ेगा'।
उन्होंने कहा कि 'हम पूरे देश में शांति चाहते है, ऐसे में कोई अशांति फैलाना चाहेगा। उसको जहां शांति मिले वहां जाकर रहे। हिंदुस्तान में रहना है तो शांति से रहना होगा। उनको इतनी सी छोटी बात पर इकठ्ठा होने का क्या मतलब था। या तो आप देश के साथ हो या तो नहीं हो। देश के साथ है तो रहे और नहीं है तो जहां जाना है वहां जाए।
गौरतलब है कि शुक्रवार रात जौहरी बाजार स्थित जामा मस्जिद के बाहर पोस्टर लगाने के विरोध में समुदाय विशेष की भीड़ इकठ्ठी हुई। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। फिलहाल मौके पर शांति बनी हुई है। परकोटे में पुलिस का जाब्ता तैनात किया गया है। साथ ही परकोटे में बाजार बंद कर दिया गया है।
पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में शुक्रवार रात को विधायक बालमुकुंदाचार्य ने समर्थकों के साथ जामा मस्जिद की सीढ़ियों पर पोस्टर लगाए और नारेबाजी की थी। जिससे दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया। पुलिस ने विधायक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हालांकि अब विधायक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माफी मांग ली है।
Updated on:
26 Apr 2025, 8:27 PM IST
Published on:
26 Apr 2025, 8:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.