जयपुर। राजस्थान में विधानसभा चुनाव से चंद महीने पहले कांग्रेस में बगावत के सुर उठने लगे है। कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई ने अपनी ही सरकार के मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोला है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव हुसैन सुल्तानिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जयपुर में मंत्री जाहिदा खान के घर के बाहर प्रदर्शन किया और उनका पुतला जलाया।
राष्ट्रीय सचिन सुल्तानिया ने आरोप लगाया कि मंत्री जाहिदा खान अपने निर्वाचन क्षेत्र कामां में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर ही झूठे मुकदमे दर्ज करवा रही है। जो भी कार्यकर्ता उनके कामकाज से असहमत होता है उसे पुलिस के द्वारा परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमत्री अशोक गहलोत और प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए और कार्यकर्ताओं पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस लिए जाने चाहिए।