
Jaipur Hasanpura Love Story Turns Violent (Viral CCTV Footage)
Jaipur News: जयपुर शहर के हसनपुरा इलाके में प्रेम-प्रसंग को लेकर शुक्रवार को जमकर उत्पात मचाया गया। गुस्साए युवकों ने लाठी-डंडों से एक परिवार को निशाना बनाते हुए कॉलोनी में खड़ी कई गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बता दें कि पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, हसनपुरा में पड़ोस में रहने वाले एक युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जब दोनों के परिजनों को इस संबंध की जानकारी मिली, तो विवाद गहराता चला गया। हाल ही में प्रेमी युगल घर छोड़कर कहीं चले गए, जिससे युवती पक्ष के परिजन आक्रोशित हो गए।
शुक्रवार सुबह करीब दस बजे युवती पक्ष के लगभग दर्जनभर युवक लाठी-डंडों से लैस होकर युवक के घर के बाहर पहुंचे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उन्होंने घर पर पथराव शुरू कर दिया और बाहर खड़ी चार गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। इसके अलावा कॉलोनी में खड़ी अन्य गाड़ियों और एक बाइक को भी नुकसान पहुंचाया गया। अचानक हुई इस घटना से कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी बृजमोहन कविया पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने हसनपुरा निवासी इदरीश और युनूस नाम के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया जा रहा है। फुटेज के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल, इलाके में स्थिति शांत है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।
Updated on:
24 Jan 2026 11:42 am
Published on:
24 Jan 2026 11:42 am
