जयपुर.सरकारी स्कूल की खाली पड़ी जमीन पर दबंगों ने (Occupation of school land, FIR registered) कब्जा कर निर्माण शुरू करा दिया। इससे नाराज लोगों ने रोष जताया तथा स्कूल के प्रधानाध्यापक ने आरोपियों के खिलाफ सांगानेर सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। कोरोना महामारी की वजह से स्कूल बंद है। इसी का फायदा उठाकर दबंगों ने राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल भाटावाला की जमीन पर कब्जा कर निर्माण शुरू करा दिया, इसका पता चलने पर लोगों ने मौके पर पहुंच विरोध जताया। इस दौरान कब्जा करने वाले व लोगों के बीच काफी देर तक विवाद हुआ। इसकी सूचना स्कूल के प्रधानाध्यापक को दी गई। प्रधानाध्यापक ने दबंगों को समझाकर कब्जा हटाने का आग्रह किया। लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ सांगानेर सदर थाने में स्कूल के संस्थाप्रधान ने प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी में प्रदीप सिंह, राजेन्द्र सिंह पर स्कूल की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया।