
जयपुर। जयपुर में 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जो युवाओं के लिए सुनहरा अवसर लेकर आ रहा है। उप क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, जयपुर द्वारा आयोजित इस मेले में 10वीं पास से लेकर डिप्लोमा, आईटीआई, नर्सिंग, पॉलिटेक्निक आदि योग्यताधारी अभ्यर्थियों को नौकरी के बेहतरीन अवसर मिलेंगे। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ इस रोजगार मेले का उद्घाटन करेंगे। 40 से अधिक निजी कंपनियां विभिन्न सेक्टरों में भर्ती करेंगी। इच्छुक अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के साथ उपस्थित होकर इस मौके का लाभ उठा सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर 8 मार्च को जयपुर के मुंडियारामसर में उप क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, जयपुर द्वारा मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस एक दिवसीय रोजगार सहायता शिविर का उद्घाटन उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ करेंगे।
उपनिदेशक, रोजगार कार्यालय नवरेखा ने बताया कि मेले में विनिर्माण, लॉजिस्टिक, होटल, बैकिंग, मेडिकल, सूचना प्रौद्योगिकी, फार्मा, सिक्योरिटी, कॉल सेन्टर, बीमा आदि क्षेत्रों से संबंधित लगभग 40 निजी नियोजक युवा आशार्थियों का प्राथमिक चयन करेंगें। विभिन्न सरकारी विभाग मेले में विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करेंगे।
मेगा रोजगार मेले का अधिक से अधिक युवा आशार्थी एवं नियोजक लाभ प्राप्त कर सकें, इस उद्देश्य से क्यूआर कोड जारी किया गया है जिसके माध्यम से आशार्थी एवं नियोजक मेले में पंजीकृत हो कर भाग ले सकते हैं।
बजट घोषणा—2025 में रोजगार मेलों के आयोजन, कैंपस इंटरव्यू तथा नए निवेश के द्वारा स्थानीय युवाओं के रोजगार को प्रोत्साहन देते हुए निजी क्षेत्र में आगामी वर्ष एक लाख 50 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाया जाना प्रस्तावित है।
कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने युवाओं का आव्हान किया कि युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार से जोडऩे के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। वर्तमान में निजी क्षेत्र में रोजगार की अपार सभावनाएं हैं, अत: अधिक से अधिक संख्या में युवा आशार्थी इस मेगा रोजगार मेले में भाग ले कर उक्त मेले का लाभ उठाएं।
इस मेगा रोजगार मेले में 10 वीं पास से लेकर डिप्लोमा, आईटीआई, नर्सिंग, पॉलिटेक्निक आदि सभी योग्यताधारी आशार्थियों के लिए रिक्तियां हैं, अत: सभी योग्यताधारी आशार्थी अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के साथ मेगा रोजगार मेले का लाभ उठाएं।
Updated on:
03 Mar 2025 08:53 pm
Published on:
03 Mar 2025 08:51 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
