6 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Pachpadra Refinery Fire: पचपदरा रिफाइनरी के सीडीयू-वीडीयू यूनिट में लगी भीषण आग, पीएम मोदी का दौरा रद्द

Oil Refinery Fire India: बालोतरा जिले में पचपदरा स्थित रिफाइनरी प्लांट में सोमवार को सीडीयू-वीडीयू यूनिट के एक्सचेंजर में विस्फोट होने से भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Rajesh Dixit

Apr 20, 2026

Pachpadra Refinery Fire: जयपुर. राजस्थान के बालोतरा जिले में पचपदरा स्थित रिफाइनरी प्लांट में सोमवार को सीडीयू-वीडीयू यूनिट के एक्सचेंजर में विस्फोट होने से भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना उस समय हुई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम से एक दिन पहले तैयारियां अंतिम चरण में चल रही थीं। अचानक हुए धमाके के बाद आग तेजी से फैल गई और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तुरंत आपात स्थिति घोषित कर दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रिफाइनरी के क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) और वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट (VDU) सेक्शन के बीच स्थित हीट एक्सचेंजर में तकनीकी खराबी के चलते विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के उपकरण भी इसकी चपेट में आ गए और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि प्रारंभिक सूचना के अनुसार किसी बड़े जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन कुछ कर्मचारियों के हल्के रूप से झुलसने की आशंका जताई जा रही है।

एक दर्जन से अधिक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

आग की सूचना मिलते ही रिफाइनरी प्रबंधन, जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। एक दर्जन से अधिक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पहले से तैनात फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन टीमों को भी तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में तेजी आई। दमकलकर्मी लगातार कई घंटों तक आग बुझाने में जुटे रहे और आसपास के क्षेत्रों को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बना दिया गया।

इस घटना ने मंगलवार को होने वाले लोकार्पण कार्यक्रम रद्द हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री का भी सोमवार शाम को रिफाइनरी पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसे लेकर सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं और तकनीकी टीम पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।