
Refinery Inauguration: जयपुर. बाड़मेर जिले के बालोतरा के निकट पचपदरा में स्थित रिफाइनरी में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह रिफाइनरी 21 अप्रैल को प्रस्तावित लोकार्पण समारोह के चलते पहले से ही चर्चा में थी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा भी निर्धारित थी। आग रिफाइनरी की एक यूनिट में करीब पौने दो बजे लगी, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि जहां आग लगी, वहां से लोकार्पण समारोह के लिए तैयार किया गया सभा स्थल का डोम आधा किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थित है और पूरी तरह सुरक्षित रहा। प्रशासन और रिफाइनरी प्रबंधन की तत्परता से स्थिति को जल्द नियंत्रण में लिया गया।
मोदी की सभा के कारण पचपदरा में पहले से ही करीब 35 दमकलें मौजूद थी। ऐसे में आग बुझाने के लिए इन सभी दमकलों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद करीब साढ़े तीन बजे आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान किसी बड़ी जनहानि या सभा स्थल को नुकसान की सूचना नहीं है।
बाड़मेर जिले के पचपदरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर अभूतपूर्व सुरक्षा और व्यवस्थाएं की गई हैं। पूरे क्षेत्र को किलेबंदी में तब्दील कर दिया गया है, जहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस और प्रशासन की नजर रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी 3 आईजी, 12 एसपी, 40 एसएचओ और करीब 5 हजार पुलिसकर्मियों को सौंपी गई है।
जोधपुर रेंज के आईजी सत्येंद्र सिंह के अनुसार पूरे इलाके को तीन डिवीजनों में बांटकर निगरानी की जा रही है। सभा स्थल और आसपास के क्षेत्र में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
गर्मी से बचाव के लिए तीन बीघा से अधिक क्षेत्र में विशेष डोम तैयार किया गया है, जिससे लोगों को राहत मिल सके। वहीं प्रधानमंत्री के काफिले के लिए सभा स्थल तक नई सड़क बनाई गई है।
आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने छह अलग-अलग रूट और पार्किंग व्यवस्था तय की है। विभिन्न जिलों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र में अस्थायी रूप से इंटरनेट सेवाएं भी बंद की जा सकती हैं।
Updated on:
20 Apr 2026 05:00 pm
Published on:
20 Apr 2026 04:58 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
