
घायल छात्र-छात्रा का फोटो: पत्रिका
Bassi School Classroom Plaster Collapses: जयपुर जिले के बस्सी ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हीरावाला में बड़ा हादसा हो गया। कक्षा में पढ़ाई के दौरान अचानक छत का प्लास्टर गिरने से एक छात्र और एक छात्रा घायल हो गए। हादसे के बाद विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। शिक्षकों ने तुरंत दोनों घायल विद्यार्थियों को नायला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों विद्यार्थियों को घर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार हादसे के समय विद्यालय की कक्षा 11 में पढ़ाई चल रही थी। इसी दौरान अचानक कक्षा कक्ष की छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से छात्रा खुशबू रैगर के सिर और हाथ में चोटें आईं, जबकि छात्र दिलखुश बैरवा भी घायल हो गया। अचानक हुई इस घटना से कक्षा में मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों में हड़कंप मच गया।
घायल छात्रा के पिता प्रहलाद ने विद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि कक्षा कक्ष की आरसीसी छत पहले से ही जर्जर स्थिति में थी। छत में लगे लोहे के सरिए तक दिखाई दे रहे थे, इसके बावजूद उसी कमरे में विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई कराई जा रही थी। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत करवा दी जाती तो ऐसी घटना से बचा जा सकता था।
उल्लेखनीय है कि गर्मी की छुट्टियों के बाद विद्यालय खुलने पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बांसखोह में भी भवन की खराब स्थिति सामने आई थी। वहां एक कक्ष की 12 पट्टियां टूटी हुई मिली थीं। इसके बाद भी जिले के कई विद्यालयों में जर्जर भवनों को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
जयपुर जिले के बस्सी ब्लॉक स्थित हीरावाला विद्यालय में हुई घटना को लेकर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और प्रधानाचार्य से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। अब अभिभावक विद्यालय भवनों की सुरक्षा और मरम्मत को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हीरावाला के जर्जर भवन को लेकर राजस्थान पत्रिका पहले भी प्रमुखता से समाचार प्रकाशित कर शिक्षा विभाग और प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर चुका था। समाचारों में विद्यालय की जर्जर छत, बारिश में टपकते कक्ष, उखड़ता प्लास्टर और विद्यार्थियों के पेड़ों के नीचे पढ़ाई करने जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। इसके बावजूद भवन की मरम्मत नहीं कराई गई।
Updated on:
15 Jul 2026 08:11 am
Published on:
15 Jul 2026 08:08 am
