
Parliament Security Breach : संसद पर हमले की बरसी के दिन संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। लोकसभा में बुधवार को संसद की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से दो युवकों के कूदने की घटना हुई। राजस्थान के कुछ सांसदों ने बताई पूरी घटना की आंखों देखी।
बेनीवाल: मैंने बढ़कर लड़के को पकड़ा
नागौर से आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल ने बताया, एक लड़का लटका हुआ था, दूसरा टेबलों पर कूदता हुआ आसन की तरफ बढ़ रहा था। मैंने इस लड़के को पकड़ लिया, तो अन्य सांसद भी आ गए और उसकी पिटाई कर दी। इस लड़के ने जूते से कुछ निकाला और स्प्रे कर दिया। दूसरा लड़का भी दर्शक दीर्घा से कूद गया और स्प्रे करने लगा। इतनी देर में मार्शल आ गए।
राजौरिया: युवक मेरी सीट के पास कूदा था
करौली-धौलपुर क्षेत्र के सांसद डॉ. मनोज राजौरिया ने बताया कि लोकसभा में जब युवक स्मॉग लेकर दर्शक दीर्घा से कूदा तो वे किसी कार्य से बाहर गैलेरी में आ गए थे। स्मॉग की दुर्गन्ध से अफरातफरी मचने लगी। अंदर पहुंचा तो देखा कि सुरक्षाकर्मी युवक को पकड़ कर ले जा रहे थे। युवक मेरी सीट से चंद मीटर की दूरी पर ही दर्शक दीर्घा से कूदा था।
बोहरा: डरे-सहमे भाग रहे थे सांसद
जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा ने बताया कि करीब एक बजे का समय था। शून्यकाल में मेरा सवाल लगने ही वाला था और मैं इसका इंतजार कर रहा था। इसी दौरान यह घटना हुई। हल्ला मच गया। हम सभी हतप्रभ रह गए कि यह क्या हो रहा है। सभी डरे, सहमे भाग रहे थे। उसी समय युवक ने स्प्रे कर दिया, जिससे गुलाबी स्मॉग हो गया। सांसदों और मार्शल ने युवकों को पकड़ लिया।
जसकौर: याद आ गई 22 साल पुरानी घटना
दौसा सांसद जसकौर मीना ने बताया कि वे वर्ष 2001 में संसद पर हुए हमले के समय भी संसद में मौजूद थीं। 22 साल बाद फिर एकबारगी वैसी ही घटना से घबराहट होने लगी। उन्होंने बताया कि युवक प्रोटेस्ट कर रहा था। कुछ भी हो लेकिन सवाल यह है कि अगर युवक के पास विस्फोटक होता तो क्या होता? सभी सांसदों ने इस तरह की घटना पर नाराजगी जताई है।
सुमेधानंद: अचानक धुआं ही धुआं
सीकर सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने बताया कि संसद में शून्यकाल का दौर जारी था। इस दौरान दर्शक दीर्घा से युवक सांसदों की लॉबी की तरफ कूद गए। उन्होंने जूतों में छिपाया हुआ पाउडर निकाला इससे पूरे हॉल में कुछ पल के लिए धुआं ही धुआं हो गया। हर कोई यह देखकर दंग था। इस बीच सुरक्षाकर्मियों के साथ सांसदों ने इन दोनों युवकों को पकड़ लिया।
Published on:
14 Dec 2023 08:37 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
