जयपुर। जयपुर चिड़ियाघर स्थित पक्षी अस्पताल में वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सक ने एक मोर की सर्जरी की। जिसमें उसकी आंख से ट्यूमर निकाला गया है। सर्जरी के दौरान उसे एनेस्थीसिया दिया गया था। दावा किया जा रहा है कि प्रदेश के किसी चिड़ियाघर में ऐसी सर्जरी पहली बार हुई है।
चिकित्सक डॉॅ. अशोक तंवर ने बताया कि 14 फरवरी को सिविल लाइंस से रेस्क्यू कर एक मोर लाया गया। जांच में उसकी आंख में ट्यूमर की पुष्टि हुई। इसके बाद सर्जरी करने का निर्णय किया गया। पहले दिन प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलग पिंजरे में रखा गया। चार दिन बाद उसकी सर्जरी की गई। जो दो घंटे तक चली। उसमें मोर की आंख से करीब 110 ग्राम वजनी ट्यूमर निकाला गया।
आंख में संक्रमण न हो इसका भी खयाल रखा गया। दस दिन तक उसे निगरानी में रखा गया। घाव ठीक होने के बाद मोर को 14 मार्च को पुन: खुले में छोड़ दिया गया। सर्जरी में राजकिशोर योगी व राजेंद्र सिंह का सहयोग रहा।